केसीसी बैंक में नॉन परफार्मिंग एसेट्स (एनपीए) के घटाने और बढ़ाने के खेल का खुलासा एक माह के भीतर होगा। अमर उजाला में एनपीए के खेल की खबर प्रकाशित होने के बाद केसीसी प्रबंधन अलर्ट हो गया है। केसीसी बैंक के एमडी ने एनपीए के रिव्यू करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
बैंक प्रबंधन एक माह के भीतर रिव्यू कर पता लगाएगा कि बैंक का असल एनपीए कितना है। इसके लिए सभी खातों की भी जांच-पड़ताल की जाएगी। केसीसी बैंक के एमडी पीसी अकेला ने कहा कि असल एनपीए का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। एनपीए के कुल खातों की भी जांच की जाएगी। यह सारी कार्रवाई एक माह के भीतर की जाएगी।
एक माह में पता लगाया जाएगा कि बैंक का असल एनपीए कितना है। एनपीए आधिकारिक आंकड़ों से ज्यादा हो सकता है, इससे इंकार नहीं किया जा सकता है। ऋणों का रिकवरी प्रोसेस तेज कर दिया गया है। अमर उजाला में एनपीए के खेल की खबर उजागर होने के बाद बैंक में पूरा दिन खलबली मची रही।
आखिर किसने बैंक के अंदर की जानकारी लीक की, इसको लेकर सवाल जवाबों का दौर चलता रहा। बैंक को चलाने वाली बीओडी के राजनीतिक कर्णधार भी अपनी-अपनी सफाई देनेे के लिए दस्तावेज बनाने में जुट गए हैं।
केसीसी बैंक के अध्यक्ष जगदीश सिपहिया ने 26 फरवरी को बीओडी की बैठक भी बुलाई है। हालांकि, अभी तक बीओडी के एजेंडे में एनपीए का मामला शामिल नहीं है, लेकिन संभावना है कि बुधवार को इसे एजेेंडे में शामिल किया जाएगा।