चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेकते व पूजा अर्चना करते सीएम वीरभद्र सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
जल्द ही चिंतपूर्णी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को वैष्णो देवी की तर्ज पर टोकन सिस्टम से माता के दर्शन होंगे। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बताया कि चिंतपूर्णी मंदिर में मल्टी स्टोरी कार पार्किंग भवन तैयार होने पर यहां कंप्यूटराइज्ड दर्शन पर्ची सिस्टम सरकार शुरू करेगी, जिससे श्रद्धालुओं को लंबी लाइनों में न लगना पड़े।
टोकन नंबर के माध्यम से श्रद्धालु मंदिर में पहुंचेंगे तो दर्शनों में कम से कम समय लगेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल के सभी शक्तिपीठों में बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। अगर किसी कारणवश कोई घटना हो तो सरकार कड़ा संज्ञान लेती है।
रामनवमी के उपलक्ष्य पर मुख्यमंत्री ने अपने बेटे विक्रमादित्य और क्षेत्र के विधायक एवं वित्तायोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार के साथ दर्शन करने के पश्चात पूजा अर्चना कर हवन कुंड में आहुतियां डालीं। इस मौके पर मंदिर के मुख्य पुजारी एवं बारीदार सभा के प्रधान रविंदर छिंदा ने मुख्यमंत्री को हार, टोपी तथा शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
युकां नेता रोहन कालिया ने विक्रमादित्य को टोपी-शॉल भेंट कर समानित किया। मंदिर में दर्शन करने के बाद मंदिर आयुक्त एवं उपायुक्त ऊना यूनुस और एसडीएम अंब सुनील वर्मा व मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान ने मुख्यमंत्री व विक्रमादित्य सिंह को माता की फोटो भेंट कर सम्मानित किया। युकां नेता रोहन कालिया ने वर्करों के साथ मुख्यमंत्री का गर्मजोशी के साथ फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया।