3 जून 2002 को तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने केलांग में एक जनसभा में रोहतांग टनल निर्माण की घोषणा की थी। जून 2004 में वाजपेयी ने रोहतांग टनल के नार्थ पोर्टल को मनाली-लेह हाईवे से जोड़ने वाली पलचान-धुन्दी सड़क का शिलान्यास कर टनल निर्माण की राह खोली। हालांकि, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के दौर से रोहतांग टनल निर्माण की परिकल्पना शुरू हुई थी। जून 2010 में सोनिया गांधी ने रोहतांग टनल का विधिवत शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू किया था।
मुख्यमंत्री जयराम ने केंद्र का जताया आभार
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल सरकार की मांग मानने पर केंद्र का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इस सुरंग के कारण लाहौल स्पीति जिला के लिए वर्ष भर यातायात की सुविधा उपलब्ध होगी और इस खूबसूरत जिले की ओर पर्यटक भी आकर्षित होंगे। उन्होंने कहा कि सामरिक दृष्टि से भी यह सुरंग महत्वपूर्ण साबित होगी।