अभी तक डेबिट और केडिट कार्ड से जमा हो रहे थे बिल
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में संपत्ति कर, कूड़ा शुल्क और पेयजल समेत अन्य बिल जमा करने के लिए शहरवासियों को अब नगर निगम के काउंटर पर लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा। लोग घर बैठे भारत क्यूआर कोड स्कैन कर बिल जमा कर सकेंगे।
नगर निगम ने शहरवासियों को बिल भुगतान की यह नई सुविधा प्रदान कर दी है। यह नई सुविधा कार्ड या नेट बैंकिंग से बिल जमा करने के मुकाबले काफी सरल है। निगम ने संपत्ति कर, कूड़ा शुल्क, पानी बिल समेत अन्य बिल जमा करने की ऑनलाइन सुविधा पहले भी दे रखी है लेकिन इनमें सिर्फ डेबिट या क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग से ही बिल जमा करने का विकल्प था। कई लोग कार्ड से बिल जमा करने से हिचकिचाते हैं। साथ ही यह प्रक्रिया भी लंबी है। अब इनके साथ निगम ने यूपीआई ऐप और भारत क्यूआर कोड से बिल भुगतान का विकल्प दिया है। नगर निगम की आईटी मैनेजर ममता गोयल की टीम ने इस सुविधा को शुरू कर दिया है। भारत क्यूआर से लोग पानी बिल, कूड़ा शुल्क, टैक्स, दुकान का किराया, लीज, लाइसेंस शुल्क, नक्शों की फीस आदि जमा कर सकेंगे।
विज्ञापन
भारत क्यूआर से ऐसे जमा होंगे बिल
जिन लोगों को नगर निगम का कोई भी बिल जमा करवाना है, वह निगम की वेबसाइट पर जाकर अपनी आईडी या मोबाइल नंबर डालकर बिल देख कर सकता है। बिल निकलने के बाद इसके भुगतान के विकल्प खुलेंगे जिनमें भारत क्यूआर का विकल्प भी खुल जाएगा। इस विकल्प पर क्लिक करने से स्क्रीन पर तुरंत क्यूआर कोड आ जाएगा। लोग अपने मोबाइल पर यूपीआई ऐप से इसे स्कैन कर तुरंत बिल भी भर सकेंगे।
लोगों को जल्द मिलेगी सुविधा
शहरवासियों की सुविधा के लिए नगर निगम की सेवाएं ऑनलाइन की जा रही हैं। क्यूआर कोड से भी लोग अब बिल दे सकेंगे। मोबाइल ऐप तैयार की जा रही है।
-सुरेंद्र चौहान, महापौर नगर निगम शिमला।
मोबाइल ऐप भी हो रही तैयार
नगर निगम अपनी मोबाइल ऐप भी तैयार कर रहा है। आईडीएफसी बैंक और आईटी विभाग इस ऐप को तैयार कर रहे हैं। इस मोबाइल ऐप में बिल भुगतान समेत शहर की तमाम तरह की जानकारी लोगों को मिलेगी। इसमें नगर निगम की पार्किंग, दफ्तर, मुख्य अस्पतालों, स्कूलों, कॉलेजों, पुलिस थानों समेत अन्य तरह की जानकारी उपलब्ध होगी। निगम शहर के सभी भवन मालिकों की जीपीएस टैगिंग भी करने जा रहा है।