हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अब पहली कक्षा से अंग्रेजी विषय अनिवार्य तौर पर पढ़ाया जाएगा। वहीं, प्रदेश सरकार मिडिल स्कूलों में बच्चों की रुचि के अनुसार पंजाबी और उर्दू विषय पढ़ने का विकल्प भी दे सकती है।
रविवार को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने नालदेहरा के टिक्कर मेले में जनसभा में कहा कि प्रदेश सरकार ने सरकारी स्कूलों में अब अंग्रेजी, हिंदी और गणित विषय को अनिवार्य करने का निर्णय लिया है।
ऐसा इसलिए किया गया है ताकि प्रदेश के सरकारी स्कूल निजी स्कूलों से प्रतिस्पर्धा में पिछड़ न जाए। वीरभद्र सिंह ने कहा कि स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा तक परीक्षा के बजाय प्रदर्शन के आधार पर ग्रेडिंग करना उचित नहीं है।