हिमाचल के 72 निजी बीएड कॉलेजों में बीएड की पढ़ाई महंगी हो गई है। सरकार ने दो साल की बीएड फीस में 13 हजार रुपये की बढ़ोतरी करते हुए फीस को 85 हजार रुपये से बढ़ाकर 98 हजार कर दिया है। मंगलवार को नए फीस स्ट्रक्चर की अधिसूचना जारी हुई। फीस की नई दरें शैक्षणिक सत्र 2019-20 से लागू होंगी। 98 हजार की फीस दो किस्तों में वसूली जाएगी। पहले साल 49510 रुपये और दूसरे साल में 48490 रुपये चुकाने पड़ेंगे।
इसके अलावा 1400 रुपये प्रति सेमेस्टर यानी कुल चार सेमेस्टर की परीक्षा फीस 5600 रुपये अलग से देनी होगी। लाइब्रेरी सिक्योरिटी फंड के एक हजार रुपये डिग्री पूरी होने पर वापस मिल जाएंगे। इससे पूर्व मई 2017 में फीस बढ़ोतरी हुई थी। दो साल की बीएड डिग्री की फीस को सरकार ने 22 हजार रुपये बढ़ाया था। 84,870 रुपये फीस सरकार ने तय की थी। डिग्री के पहले साल में 42,950 और दूसरे साल में 41,920 रुपये की किस्त देना तय किया था।