पांच साल तक करेगी मरम्मत और रखरखाव काम, स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 12 करोड़ रुपये से बना है 150 मीटर वॉकवे
विज्ञापन
रख रखाव पर 22 लाख रुपये आएगा खर्च
सुमित ठाकुर
शिमला। शहर के उपनगर छोटा शिमला चौक से ब्रॉकहाॅस्ट तक बने वॉकवे की मरम्मत और रखरखाव का काम अब निजी कंपनी के हवाले होगा। रोपवे एंड रैपिड ट्रांसपोर्ट डवलपमेंट कार्पोरेशन ने टेंडर प्रक्रिया शुरु कर दी है।
रोपवे कार्पोरेशन के मुताबिक टेंडर हासिल करने वाली कंपनी पांच सालों तक वॉकवे की मरम्मत और रखरखाव का काम देखेगी। इस पर करीब 20 से 22 लाख रुपये का खर्च हर साल आएगा। छोटा शिमला से ब्रॉकहास्ट तक करीब 150 मीटर लंबा वॉकवे बना है। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत इस वॉकवे पर 12 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। रोजाना इस वॉकवे से सचिवालय, तिब्बतियन स्कूल के छात्र-छात्राओं, विकासनगर और कसुम्पटी आने-जाने वाले कामकाजी लोग आवाजाही करते हैं। ऐसे में इन्हें अब बाजार की सड़क के ट्रैफिक से हाेकर नहीं गुजरना पड़ रहा है। रेलिंग और लाइटें खराब होने की सूचना रोपवे को मिल रही है। इससे न केवल इसकी सुंदरता पर असर पड़ा बल्कि सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। यही वजह है कि रोपवे ने यह प्रक्रिया शुरु की है।
वॉकवे के रखरखाव को लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। चयनित कंपनी पांच साल तक इसकी देखभाल का काम करेंगी। -मुनीष साहनी, डीजीएम, आरटीडीसी शिमला।
रबड़ मैट से फिसलने की नहीं चिंता
रोपवे कार्पोरेशन ने दो चरणों में बने वॉकवे में लोगों की सुविधा के लिए रबड़ की मैटिंग की है। रबड़ का मैट होने के कारण यह चलने में काफी सुविधाजनक है। इसके अलावा वॉकवे पर छत होने के कारण बारिश और बर्फबारी में इसका इस्तेमाल करके बिना परेशानी के गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।