स्वास्थ्य विभाग ने पतंजलि के राज्य होलसेलर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
स्वास्थ्य विभाग ने पतंजलि योग पीठ के विभिन्न खाद्य उत्पादों के सैंपल जांच में मिसब्रांडेड पाए जाने पर राज्य होलसेलर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। सरकार के निर्देश पर जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी मंडी ने जिले के विभिन्न स्थानों से पतंजलि उत्पादों के सैंपल भरे थे।
ये कंडाघाट फूड टेस्टिंग रिपोर्ट में मिसब्रांडेड पाए गए हैं। जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी भविता टंडन ने जिले के गुटकर और बिजनी स्थित पतंजलि योग पीठ के जिला होलसेलरों से आटा बिस्कुट और सोन पापड़ी के सैंपल भरे थे। इन्हें कंडाघाट फूड टेस्टिंग लैब भेजा था। यहां तीन सैंपल मिसब्रांडेड पाए गए।
एफएसओ ने दोनों जिला होलसेलरों को नोटिस दिए हैं। जवाब में होलसेलरों ने राज्य होलसेलर के बिल विभाग को दिए हैं। इस पर विभाग ने राज्य होलसेलर को नोटिस दिया है। सैंपल मिसब्रांडेड पाए जाने को लेकर जवाबतलब किया है। जवाब मिलने के बाद अगली कार्रवाई होगी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एफएसओ केस फाइल तैयार कर रही है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मामला कोर्ट में दायर किया जाएगा। इधर, एफएसओ भविता टंडन ने बताया कि जिला होलसेलरों से मिले बिल के मुताबिक राज्य होलसेलर को नोटिस देकर जवाब मांगा है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।