हिमाचल कांग्रेस कार्यालय (फाइल फोटो)
हिमाचल कांग्रेस प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष विशाल चंबयाल को नोटिस देने की तैयारी कर रही है। नोटिस ऐसे समय में दिया जा रहा है, जब किसान कांग्रेस की नई कार्यकारिणी जारी होने के बाद इस सूची पर तत्काल रोक लगा दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने किसान कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की हाईकमान के पास भेजी सूची को जारी कराने के मामले में कड़ा संज्ञान लिया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप को विश्वास में लिए बिना कैसे नई प्रदेश कार्यकारिणी हाईकमान के पास मंजूरी के लिए भेजी गई? वर्तमान में राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस्तीफा दे रखा है। कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर जब तक मामला सुलझ नहीं जाता तो इससे पहले प्रदेश किसान कांग्रेस की कार्यकारिणी की सूची आनन-फानन में हाईकमान के पास भेजने की जरूरत क्यों पड़ी?
हैरानी इस बात पर भी जताई जा रही है कि जब किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष नाना पाटोले ने अपने पद से इस्तीफा दे रखा है तो फिर नई कार्यकारिणी बनाने के लिए इतनी जल्दबाजी क्यों की गई? हालांकि, किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पाटोले के ध्यान में जब प्रदेश कार्यकारिणी की सूची का मामला लाया गया तो उन्होंने पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर को अवगत करा दिया कि सूची पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
बताते हैं कि यह गंभीर मामला प्रदेश कांग्रेस की जांच की रडार में भी आ गया है। इस सूची को तैयार करने के पीछे क्या मकसद रहा और इसे तैयार कराने वाले कौन नेता परदे के पीछे रहे? जैसे पहलू जांच के विषय बन गए हैं। इसकी तह तक जाने के लिए प्रदेशाध्यक्ष को नोटिस दिया जाना है।