प्रदेश के शिक्षकों और गैर शिक्षकों के बीच खाई बढ़ती जा रही है। बुधवार को शिक्षक संघ ने सचिवालय में हाजिरी लगाई थी। अब वीरवार को गैर शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के पास जाकर उन्हें ट्रांसफर सेल की महिला कर्मी के साथ हुए दुर्व्यवहार की घटना से अवगत करवाया।
गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मामला ध्यानपूर्वक सुनने के बाद आश्वासन दिया कि ट्रांसफर सेल से किसी भी कर्मचारी का तबादला नहीं किया जाएगा। उन्होंने कर्मियों को ईमानदारी से काम करने की नसीहत भी दी।
त्रिलोक ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री से बताया गया कि शिक्षक संघ गैर शिक्षकों पर झूठे आरोप लगा रहा है। ट्रांसफर सेल में पैसा लेकर काम करने का आरोप गंभीर है। मामले की जांच होनी चाहिए। शिक्षक संघ ने निदेशालय में आकर अपने काम करवाने को कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव बनाने की बात भी मुख्यमंत्री को बताई।
गैर शिक्षक संघ के करीब चार दर्जन कर्मियों ने वीरवार सुबह शिक्षा निदेशालय में मुख्यमंत्री के समक्ष मामला उठाने का फैसला लिया। बुधवार को शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ट्रांसफर सेल के कर्मचारियों का तबादला करने की मांग उठाई थी।
वीरवार को गैर शिक्षकों ने सचिवालय पहुंचकर कर्मचारियों का ट्रांसफर करने की मांग का विरोध किया। गैर शिक्षकों ने बताया कि निदेशालय में शिक्षक संघ की राजनीति बढ़ गई है। विभिन्न शाखाओं में एक काम के लिए कई-कई शिक्षक पहुंच जाते हैं। कर्मचारियों के तबादले करवाने की धमकियां दी जाती हैं। इस कारण कई कर्मचारी तनाव में हैं। दुर्व्यवहार का आरोप लगाने वाली महिला कर्मचारी ने भी मुख्यमंत्री को आपबीती सुनाई।
गैर शिक्षक संघ देगा कानूनी नोटिस
गैर शिक्षक कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर ने बताया कि हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान को संघ की ओर से कानूनी नोटिस भेजा जाएगा। ट्रांसफर सेल में पैसे लेकर काम करने के आरोप पर नोटिस देने का फैसला लिया गया है।
निदेशक ने दिए हैं मामले की जांच के आदेश
निदेशक उच्च शिक्षा दिनकर बुराथोकी ने महिला कर्मचारी के साथ हुए दुर्व्यवहार की शिकायत की जांच के आदेश दिए हैं। अतिरिक्त निदेशक प्रशासन को मामले की जांच का जिम्मा सौंपा है। सात दिन में रिपोर्ट मांगी है। हालांकि, अभी जांच अधिकारी को लिखित में जांच करने के आदेश नहीं मिले हैं।