राजस्व विभाग में पटवारी के 1120 पदों के लिए चल रही भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। सरकार ने यह फैसला लिया है। राजस्व विभाग में पटवारी के 1120 पदों के लिए चल रही भर्ती प्रक्रिया में करीब दो लाख लोगों ने आवेदन किया है। इन पदों पर अगले महीने 13 अगस्त को प्रदेश के सभी जिलों में लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा में पास होने वाले आवेदकों को मेरिट के आधार पर सेलेक्ट कर सीधे ट्रेनिंग के लिए भेज दिया जाएगा। पहले लिखित परीक्षा के बाद इंटरव्यू का प्रावधान था लेकिन भर्ती प्रक्रिया पर सवाल खड़े होने के चलते राजस्व विभाग ने इंटरव्यू की व्यवस्था को खत्म कर दिया।
प्रदेश में 13 अगस्त को पटवारी के 1120 पदों के लिए जिलावार लिखित परीक्षा होगी। पटवारी भर्ती में सबसे ज्यादा 220 पद शिमला जिले में भरे जाएंगे। इसके अलावा कांगड़ा में 204, मंडी में 168, बिलासपुर में 60, चंबा में 75, हमीरपुर में 67, किन्नौर में 15, कुल्लू में 54, लाहौल स्पीति में 36, सोलन में 76, सिरमौर में 75 और ऊना में 70 पदों पर भर्ती होनी है। इन पदों के लिए दो लाख से ज्यादा आवेदन आए हैं। शैक्षणिक योग्यता जमा दो है जबकि एमए, पीएचडी के आवेदन भी आए हैं।