ठंड के साथ साथ हिमाचल में डेंगू और स्क्रब टाइफस का प्रकोप थम गया है। पांच महीने से इन बीमारियों ने हिमाचल को चपेट में ले रखा था। अब अस्पतालों में बीमारी के कम मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू बीमारी की आशंका के चलते के 24 मरीजों के सैंपल जुटाए, इनमें से 2 लोगों में बीमारी की पुष्टि हुई है। इसी तरह स्क्रब टाइफस के 10 सैंपल लिए गए इसमें भी 2 मरीजों मे बीमारी के लक्ष्य पाए गए।
चिकित्सकों का मानना है कि हिमाचल में बर्फबारी और ठंड के चलते बीमारी खत्म हो गई है, फिर भी लोगों को एहतियात बरतने की जरूरत है। बद्दी, सिरमौर, ऊना में बीमारी को लेकर अलर्ट था। हिमाचल में डेंगू के 2 हजार से अधिक मरीजों में बीमारी की पुष्टि हुई थी, जबकि स्क्रब टाइफस के भी अस्पताल में प्रतिदिन 35 से 40 मरीज आ रहे थे।
जिला मंडी और सोलन को इस बीमारी ने अपनी गिरफ्त में ले लिया था। स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने कहा कि डेंगू और स्क्रब टाइफस का प्रकोप थम गया गया है। अस्पताल प्रशासन को जलजनित जैसे रोगों के प्रति सतर्क रहने को कहा है।