नितिन गडकरी से मुलाकात करते प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती और नालागढ़ के विधायक कृष्ण लाल ठाकुर।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी रविवार दोपहर दिल्ली लौट गए। दिल्ली लौटने से पहले गडकरी ने हिमाचल के परिवहन मंत्री जीएस बाली के घर चाय की चुस्कियां लीं। करीब 12 बजे अपने परिवार के साथ बाली के घर पहुंचे गडकरी ने आधा घंटा वहां पर बिताया। बाली ही गडकरी को गगल हवाई अड्डे तक छोड़ने गए।
सुबह दस बजे गडकरी सतोवारी स्थित होटल से निकले थे। गडकरी कांगड़ा और चंबा के अपने दो दिवसीय निजी दौरे पर परिवार के साथ आए थे। इस दौरान उनका इन दोनों जिलों में घूमने का कार्यक्रम था। इस दौरे को आधिकारिक दौरे में तबदील कर दिया गया। इस दौरान गडकरी ने प्रदेश को 15 हजार करोड़ रुपये के 17 एनएच तोहफे के रूप में दिए।
वहीं प्रदेश सरकार को होली-चामुंडा सुरंग का प्रस्ताव बनाकर भेजने को भी कहा। भरमौर में नेशनल हाईवे बनाने का आश्वासन भी दिया है। वहीं रविवार सुबह होटल में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती और नालागढ़ के विधायक केएल ठाकुर ने भी गडकरी से अनौपचारिक भेंट की।