गडकरी ने हिमाचल दौरे के दूसरे दिन भी दिल खोलकर देवभूमि को और 16 नए नेशनल हाईवे दिए।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने हिमाचल दौरे के दूसरे दिन भी दिल खोलकर देवभूमि को और 16 नए नेशनल हाईवे दिए। धर्मशाला-शिमला हाईवे को फोरलेन करने और ऊना में सूबे के पहले फ्लाईओवर का एलान किया।
गडकरी ने बीते रविवार को सोलन में 12, छह मई को धर्मशाला में 17 नए एनएच की घोषणा की थी। हिमाचल में अब नए-पुराने नेशनल हाईवे की संख्या 62 हो जाएगी। गडकरी ने हमीरपुर में यह कहकर सभी घोषणाओं को पूरा करने की गारंटी भी दी कि वे अब काम पूरा होने के बाद हिमाचल आएंगे।
गडकरी ने सोमवार को कांगड़ा जिले के पालमपुर और हमीरपुर में सभाओं को संबोधित किया। हमीरपुर में उन्होंने कहा कि धर्मशाला से शिमला फोरलेन के निर्माण पर केंद्र सरकार 5000 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
इस मार्ग पर 11 नए पुल बनाए जाएंगे। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के तहत 15 नए नेशनल हाईवे बनेंगे। अनुराग ठाकुर के संसदीय क्षेत्र के तहत जिला ऊना में प्रदेश का पहला फ्लाईओवर बनेगा।
देवभूमि की जनता ने भाजपा के 4 सांसद जिताए, अब हमारी बारी
गडकरी ने कहा कि प्रदेश की जनता ने चार सांसद देकर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनवाई है। जनता ने अपना काम पूरा किया, अब बाकी काम हम और केंद्र सरकार पूरा करेगी।
- फोटो : अमर उजाला
सीनियर सेकेंडरी स्कूल ब्वॉय हमीरपुर के खेल मैदान में आयोजित आभार रैली में गडकरी ने कहा कि प्रदेश की जनता ने चार सांसद देकर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनवाई है। जनता ने अपना काम पूरा किया, अब बाकी काम हम और केंद्र सरकार पूरा करेगी।
जनता जो मांगेगी, मोदी सरकार देगी
गडकरी ने कहा कि प्रदेश की जनता जो मांगेगी, मोदी सरकार वह हर चीज देगी। देश में विकास की राजनीति की आवश्यकता है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि दिशाहीन नेतृत्व के कारण कई बाधाएं सामने आती हैं। आजादी के 68 वर्षों के बाद भी आज देश के कई कोनों में पानी और सड़कें नहीं हैं। लेकिन अब देश को मोदी के नेतृत्व वाली प्रगतिशील सरकार मिली है। विकास के बल पर देश की तस्वीर बदल रही है।
हमीरपुर, पालमपुर में गडकरी ने की 16 नए एनएच की घोषणा
1.रानीताल से मसरूर लंज एनएच-88 से एनएच 154 कुल 53 किमी
2.ज्वालामुखी-देहरा-जवाली-राजा का तालाब 97 किमी
3.जलाड़ी-कांगू-गलोड-सलौणी, बिझड़ी-बरठी-घुमारवी 80 किमी
4.बंगाणा-धनेटा-रंगस-जिहण 30 किमी
5.अजोली-संतोषगढ़-ऊना-लोअर लालसिंगी- स्वांपुल 23 किमी
6.संतोषगढ़-टाहलीवाल-पेलिया जंजेर-हरोली-सलोह-इसपुर--गगरेट-तलवाड़ा--मारवाड़ी-पंजाब बार्डर 108 किमी
7.हमीरपुर-दोसड़का-तरक्वाड़ी-भोरंज-जाहू
8.भगेड़-बरठी-तलाई-बड़सर।
9.धनेटा-बड़सर-शाहतलाई-बरठीं-भगेठ 70 किमी
10 ढलियारा-डाडासिबा-संसारपुर टेरिस 60 किमी
11 भरवाईं-चिंतपूर्णी-जोड़बड़-पक्का टियाला-संसारपुर टेरिस 85 किमी
12 कैची मोड़-भाकड़ा वाया श्री नैनादेवी
13. सुनहेत-बड़ा-मचकुंड महादेव-डाडासिबा-पुलबाड़ा
14. मसरूर-धंगड़-गुलेर-नंदपुर-नगरोटा सूरियां-पुलनंद नाला
15 नगाओ-बैरी-दाड़ला मोड़
16 द्रमण (शाहपुर) से चंबा-किलाड़ वाया जोत-चंबा-तीसा
फर्जी लाइसेंस रोकने के लिए बनेगा नया एक्ट
नितिन गडकरी ने हिमाचल पर तोहफों की बरसात कर दी है।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल दौरे पर आए केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने ड्राइविंग लाइसेंस बनाने सबंधीं सरकार की तैयारी के बारे में भी बताया।
कांगड़ा में कृषि विवि में जनसभा के दौरान घोषणा की कि देश में अब नया मोटर व्हीकल एक्ट बनाया जाएगा। इसके एक कमेटी बनाई गई है। एक महीने में कमेटी अपनी रिपोर्ट देगी। कहा कि देश में 30 प्रतिशत बने लाइसेंस फर्जी हैं।
इस पर लगाम लगाने को अब देश के हर विधानसभा क्षेत्र में ड्राइविंग लाइसेंस सेंटर बनाया जाएगा। यह सेंटर पूरी तरह कंप्यूटरीकृत होगा। खास यह होगा कि अब चालकों का ड्राइविंग टेस्ट पूरी तरह से कंप्यूटराइज्ड होगा। यानी, व्हीकल ट्रायल पूरी तरह से कंप्यूटराइज्ड होगा। चालकों को ट्रायल में पास और फेल कंप्यूटर ही करेगा।
हिमाचल को दिए कई तोहफे, केंद्र देगा पैसा
चंबा के किलाड़ वाया जोत-चंबा-तीसा सड़क को नेशनल हाईवे की बनाने की घोषणा की।
- फोटो : अमर उजाला
सांसद शांता कुमार की मांग पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कांगड़ा जिले के द्रमण (शाहपुर) से चंबा के किलाड़ वाया जोत-चंबा-तीसा सड़क को नेशनल हाईवे की बनाने की घोषणा की। कहा कि यह मांग छह माह में पूरी हो जाएगी।
हिमाचल से सड़कों पर ब्लैक स्पॉट्स की मांगी रिपोर्ट
नितिन गडकरी ने प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताई। पठानकोट-मंडी फोरलेन के शिलान्यास को आए केंद्रीय मंत्री ने कृषि विवि पालमपुर में जनसभा के दौरान कहा कि वह हिमाचल में सड़क दुर्घटनाएं वर्ल्ड टेक्नोलॉजी से रोकेंगे।
उनका विभाग हिमाचल सरकार को विशेष बजट देगा। हिमाचल में खराब सड़कों और तीखे मोड़ों की वजह से दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। गडकरी ने सरकार से सड़कों पर ब्लैक और डेंजर स्पॉट की एक माह में रिपोर्ट तैयार को कहा।
कहा कि ब्लैक स्पॉट्स ठीक करने को दुनिया भर से विशेषज्ञ बुलाए हैं। विशेषज्ञ हिमाचल में भी चिह्नित ब्लैक स्पॉट्स का सर्वे करेंगे। इसके बाद हाईटेक तकनीक से ब्लैक स्पॉट दुरुस्त किए जाएंगे।
फोरलेन का शिलान्यास, बाथू पुल का उद्घाटन
केंद्रीय मंत्री ने पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय हाईवे को फोरलेन करने की घोषणा की।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय मंत्री ने पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय हाईवे को फोरलेन करने की घोषणा की। पालमपुर में उन्होंने इसका शिलान्यास किया। उन्होंने इस एनएच पर बनने वाले भारतम सेतु योजना में पांच रेलवे ओवर ब्रिज बनाने की घोषणा की।
यह ओवरब्रिज ऐहजू, भट्टू, मारंडा, बैजनाथ और मलां में बनेंगे। गडकरी ने पालमपुर से ही रानीताल के पास बने बाथू पुल का उद्घाटन किया। कहा कि पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग दो साल में फोरलेन बन जाएगा। इस पर तीन हजार करोड़ खर्चे जा रहे हैं।
हिमाचल विकास में अभी बहुत पीछे
नितिन गडकरी ने कहा कि उस प्रदेश का विकास नहीं हो सकता, जहां मूलभूत ढांचा सुदृढ़ न हो। हिमाचल विकास में अभी बहुत पीछे है। रोजगार पैदा करने के लिए उद्योग और कृषि विभाग में विकास होना जरूरी है। इंडस्ट्रीज के लिए चार चीजें जरूरी हैं।
उनके बिना इंडस्ट्रीज नहीं चल सकती है। इसके लिए पानी, बिजली, ट्रांसपोर्ट और संपर्क जरूरी है। हिमाचल में न हवाई सेवा, न रेल सेवा और न बेहतर सड़कें हैं। इससे प्रदेश का विकास कैसे हो सकता है। अब आने वाले समय में हिमाचल में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है।
बाली भी हमारे साथ पक्का हो जाएं : नड्डा
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने जीएस बाली की ओर देख कर कांग्रेस का नाम लिए बिना कहा कि यह चार धाम वाली पार्टी है
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद पहली बार पालमपुर आए जेपी नड्डा का मंच पर कांगड़ा प्रेम उभर आया। भाजपा की राष्ट्रीय राजनीति में खुद के चमकने का श्रेय उन्होंने नितिन गडकरी को दिया। कहा कि वह नितिन गडकरी ही हैं, जिन्होंने एक छोटे से प्रदेश से उन्हें भाजपा की राष्ट्रीय राजनीति में महामंत्री पद सौंपा था।
नड्डा ने केंद्र की नीतियों की बजाय प्रदेश की राजनीति पर ही अपना फोकस रखा। कहा कि प्रदेश में तो सड़कों को नितिन गडकरी पक्का कर रहे हैं, लेकिन अब प्रदेश में भाजपा को लोगों ने पक्का करना है तभी बात बनेगी।
मंच पर बैठे परिवहन मंत्री जीएस बाली पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि बाली भी हमारे साथ पक्का हो जाएं। उन्होंने कहा कि कांगड़ा से उनका पुराना रिश्ता रहा है। कांगड़ा में उन्होंने राजनीति की बहुत सी परिस्थितियां देखी हैं। नड्डा के उमड़े कांगड़ा प्रेम को जानकार अलग अलग चश्मे से देखकर समीकरण भिड़ा रहे हैं।
बाली के सामने कांग्रेस पर निशाना
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने जीएस बाली की ओर देख कर कांग्रेस का नाम लिए बिना कहा कि यह चार धाम वाली पार्टी है। इस पर जनसभा में खूब ठहाके लगे। साथ ही कहा कि बाली इसका बुरा न मानें।