मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नई दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की छठी बैठक में हिमाचल के लिए उदार वित्तीय सहायता मांगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर हवाई और रेल संपर्क नहीं होने के कारण हिमाचल को विकास में समस्याएं आ रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि मंडी में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के निर्माण और कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए पर्याप्त आर्थिक मदद मंजूर की जाए। शनिवार को इस वर्चुअल बैठक में सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश का बद्दी क्षेत्र एशिया का सबसे बड़ा फार्मा हब बनकर उभरा है। सरकार ने बल्क ड्रग फार्मा पार्क को पाने के लिए प्रभावी रूप से कार्य करना शुरू किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि प्रदेश के लिए इन सभी पार्कों को स्वीकृत किया जाए।
राज्य की विकासात्मक मांगों और आवश्यकताओं को हमेशा ध्यान में रखने के लिए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि केंद्र की ओर से प्रदान 450 करोड़ रुपये का ब्याजमुक्त ऋण प्रदेश के खर्चों को चलाने में बहुत मददगार साबित हुआ है। प्रदेश ने निवेश प्रोत्साहित करने के लिए व्यापार में सुगमता में बहुत सुधार किया गया है, जिसके कारण हिमाचल अब 16वें स्थान से सातवें स्थान पर पहुंच गया है। वर्ष 2019 में धर्मशाला में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट के बाद 13500 करोड़ रुपये के निवेश का ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह आयोजित किया गया है, जबकि 10 हजार करोड़ रुपये की अन्य परियोजनाएं ग्राउंड ब्रेकिंग के लिए तैयार हैं। प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त प्रबोध सक्सेना और अतिरिक्त मुख्य सचिव आबकारी एवं कराधान जेसी शर्मा भी शिमला में इस बैठक में उपस्थित रहे।