सोचो यदि आपके घर में लगी लाइट, पंखे और यहां तक कि टेबल लैंप को ऑन-ऑफ करने का रिमोट आपके हाथ में हो तो कैसा अनुभव होगा या फिर पलंग पर लेटे पूरे घर की बिजली को बंद और चालू करने की सुविधा आपके स्मार्ट फोन में हो। यह संभव कर दिखाया है एनआईटी हमीरपुर के पांचवें समेस्टर के छात्रों ने।
इन छात्रों ने एक ऐसी तकनीक ईजाद की है, जिससे घर में लगे सभी मुख्य उपकरणों का संचालन हाथ में पकड़े मोबाइल फोन से हो सके। इस तकनीक को होम ऑटोमेशन का नाम दिया गया है। एक्सपो की प्रदर्शनी में एनआईटी के तीन छात्रों ने जब अपने इस मॉडल की खूबियां दर्शकों के साथ साझा कीं तो हर कोई दंग रह गया।
छात्र अमन, अर्शद और विशाल ने बताया कि स्मार्ट फोन में डाले एप से इस तकनीक को कोई भी प्रयोग कर सकता है। यह एप भी इन छात्रों ने खुद ईजाद किया है। अभी यह एप सिर्फ स्मार्ट फोन के लिए है और जल्द ही विंडो फोन के लिए भी यह एप शुरू हो जाएगा। छात्रों ने बताया कि ब्लूटूथ मॉड्यूल के जरिए इसका सारा संचालन होगा।
इस तकनीक की खासियत यह है कि वायरलैस मॉड्यूल से यह सारा डाटा सेंट करता है। मॉड्यूल से 15 से 20 मीटर की दूरी के भीतर यह तकनीक काम करेगी। मोबाइल फोन में डाले गए एप में ट्यूब लाइट के साथ टेबल लैंप, पंखे जैसे उपकरण बने होंगे। बस यहीं से बैठे-बैठे उनका संचालन किया जा सकेगा।
यह पूछे जाने पर कि अब तक इसका पंजीकरण क्यों नहीं करवाया गया इसका जबाब दिया कि अभी इस प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है। कहा कि यदि तकनीक कारगार साबित हुई तो इससे जहां बिजली की बचत होगी, बिजली की तारों का खर्च भी बचेगा।