चिट्टे के साथ दबोचे हमीरपुर के अणु कलां निवासी रवि चोपड़ा और चंडीगढ़ से गिरफ्तार अंकुश शर्मा का पुलिस रिमांड अब छह नवंबर तक बढ़ गया है। शनिवार को सदर पुलिस ने इन दोनों आरोपियों को दोबारा हमीरपुर न्यायालय में पेश किया। अदालत से रिमांड बढ़ाने की अपील की ताकि रिमांड के दौरान इनसे गहन पूछताछ के बाद मुख्य सरगना तक पुलिस पहुंच सके।
अदालत ने पुलिस की अपील को स्वीकार करते हुए रिमांड दो दिन और बढ़ा दिया है। पुलिस इन दोनों के बीच फोन पर हुई बातें और वित्तीय लेन-देन का पता लगा रही है। दरअसल एनआईटी हमीरपुर में बीते 23 अक्तूबर को एमटेक प्रथम वर्ष के छात्र सूजल शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद हमीरपुर पुलिस ने एनआईटी के दो छात्रों वर्णित वर्मा और वरुण शर्मा औरनशा आपूर्तिकर्ता रजत शर्मा और एनडीपीएस मामले में इशांत राणा को गिरफ्तार किया था।
रजत शर्मा से पूछताछ के बाद पुलिस ने रवि चोपड़ा को गिरफ्तार किया। रवि चोपड़ा से पूछताछ के बाद पुलिस ने अंकुश शर्मा को गिरफ्तार किया। अंकुश शर्मा एमबीए की पढ़ाई के बाद चंडीगढ़ में किराये के मकान में रहता है। वह पहले भी एनडीपीएस के मामले में संलिप्त रहा है। पुलिस का दावा है कि जिले में नशे की आपूर्ति करने वाले बड़े तस्कर भी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में आएंगे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि एनडीपीएस एक्ट में नामजद रवि चोपड़ा और छात्र की मौत मामले में नामजद अंकुश शर्मा को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया। यहां से दोनों को छह नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इन दोनों की फोन कॉल डिटेल और बैंक खातों को खंगाला जा रहा है।