राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में शनिवार को 13वां दीक्षांत समारोह हुआ। इस कार्यक्रम में सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक नंदलाल शर्मा मुख्य अतिथि थे। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के कुलपति प्रो. देव दत्त शर्मा विशिष्ट अतिथि थे। एनआईटी हमीरपुर के निदेशक प्रो. एचएम सूर्यवंशी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। समारोह में वर्ष 2022 में स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी के 1,172 विद्यार्थियों को डिग्रियां देकर उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। संस्थान ने विभिन्न स्नातक और स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन और विशिष्ट उपलब्धियों के लिए मेधावी विद्यार्थियों को 36 स्वर्ण पदक, 11 रजत पदक और 11 कांस्य पदक दिए गए। सिविल इंजीनियरिंग की आख्या राय को वर्ष 2022 के सर्वश्रेष्ठ आलराउंडर छात्रा के रूप में निदेशक पदक से सम्मानित किया गया। सर्वप्रथम एनआईटी हमीरपुर के निदेशक प्रो. एचएम सूर्यवंशी ने संस्थान के बारे में रिपोर्ट प्रस्तुत की।
उन्होंने कहा कि संस्थान के प्रशिक्षण और प्लेसमेंट सेल ने वर्ष 2021-22 में करीब 165 संगठनों की मेजबानी की। एनआईटी हमीरपुर के सात विद्यार्थियों ने ब्लूमबर्ग, अमेजॉन, मेटा आदि प्रतिष्ठित संगठनों में एक करोड़ रुपये से अधिक का पैकेज हासिल किया है। प्रो. सूर्यवंशी ने अध्यक्ष नंद लाल शर्मा को 40 लाख रुपये प्रायोजित कर बिजली विकास केंद्र विकसित करने के लिए एनआईटी हमीरपुर के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने उत्तीर्ण विद्यार्थियों को डिग्री अर्जित करने के लिए बधाई दी। विशिष्ट अतिथि प्रो. देव दत्त शर्मा ने सभी पदक और डिग्री प्राप्तकर्ताओं को उनकी सराहनीय उपलब्धियों के लिए बधाई दी। मुख्य अतिथि नंद लाल शर्मा ने विद्यार्थियों को उनके शैक्षणिक कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के लिए बधाई दी। उन्होंने स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय की ओर से प्रकाशित सूची में अपने संबंधित क्षेत्रों में शीर्ष दो फीसदी वैज्ञानिकों में स्थान हासिल करने के लिए एनआईटी हमीरपुर के संकाय सदस्यों को बधाई दी।
ये हैं स्वर्ण पदक हासिल करने वाले मेधावी
स्नातक कक्षा से आख्या राय, गौरव चौधरी, अभिषेक, देवांश रोहिल्या, अशा नंदी, जैसमीन ठाकुर, प्रतीक भारत शर्मा, अमन गर्ग, जाह्नवी गुप्ता, अदिति मिश्रा, अश्रत उप्पल, प्राची गर्ग को स्वर्ण पदक दिया गया। स्नातकोत्तर कक्षा से दुहा निसार, अनुज मीना, सचिन कुमार सैणी, अग्रिता सिंह, दिव्या ठाकुर, कुणाल शर्मा, नेहा, रिद्धि मोहन, आदर्श दूबे, अक्षय शर्मा, गोपाल, रजत, अक्षयकुमार रामानंद, शिप्रा, शीतल, जैसमीन ठाकुर, सूर्यप्रताप, हर्शावर्धान, जाह्नवी गुप्ता, अभिजीत प्रसाद, एस मोनिका, मानसी, शिवांकर जगोता, नवजोत सिंह बजाज, सौम्या श्रीवास्तवा को स्वर्ण पदक दिया गया।