शिमला शहर की लाइफ लाइन सर्कुलर रोड पर इस बार समर सीजन में एचआरटीसी लोकल बस सर्विस की टाइमिंग नहीं बढ़ेगी। लिफ्ट के पास डंगा गिरने के बाद सर्कुलर रोड पर एचआरटीसी मिडी बसों की आवाजाही बंद होने के कारण लोकल बसों की टाइमिंग बढ़ने पर संशय पैदा हो गया है।
समर सीजन में एचआरटीसी सर्कुलर रोड पर क्लॉक और एंटी क्लॉक वाइज रात साढ़े दस बजे तक बसें चलाता था, लेकिन इस बार लिफ्ट होते हुए आवाजाही बंद होने के कारण बस सर्विस की टाइम बढ़ने की उम्मीद कम है। मौजूदा समय में एचआरटीसी लिफ्ट होते हुए रात 9 बजे तक ही गिनी चुनी बसें चला रहा है।
लिफ्ट होते हुए बसों की आवाजाही बंद होने से एचआरटीसी की 45 बसों के ट्रिप प्रभावित हो रहे हैं। एचआरटीसी के लोकल डिपो में 50 से अधिक मिडी बसें हैं। बताया जा रहा है कि जब तक लिफ्ट होते हुए इन बसों की आवाजाही बहाल नहीं होती लोकल बस सर्विस की टाइमिंग नहीं बढ़ पाएगी। हालांकि एचआरटीसी ने उपायुक्त शिमला से भी लिफ्ट होते हुए बसों की आवाजाही बहाल करने का आग्रह किया है।
टेक्निकल कमेटी की राय पर होगा फैसला : डीसी
डंगा गिरने के बाद लिफ्ट होते हुए बड़ी बसों की आवाजाही टेक्निकल कमेटी की अनुशंसा पर बंद हुई थी। एचआरटीसी ने इस रूट पर मिडी बसों की आवाजाही बहाल करने का आग्रह किया है। एचआरटीसी से लिखित आवेदन आने के बाद टेक्निकल कमेटी से इसे लेकर राय मांगी जाएगी।- रोहन ठाकुर, उपायुक्त, शिमला
लोगों की मांग से उपायुक्त को करवाया है अवगत : नेगी
लिफ्ट होते हए एचआरटीसी मिडी बसों की आवाजाही बंद होने से 45 बसों के ट्रिप बाधित हुए हैं। बस सेवा बहाल करने की मांग को लेकर शहर के लोगों के प्रतिनिधिमंडल रोजाना कार्यालय पहुंच रहे हैं। उपायुक्त शिमला को लोगों की मांग से अवगत करवाया गया है।- देवासेन नेगी, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी
बेहद धीमी गति से चल रहा डंगा लगाने का काम
सर्कुलर रोड पर डंगा लगाने का काम बेहद धीमी गति से चल रहा है। सर्कुलर रोड पर लिफ्ट के पास मार्च माह में दरार आ गई थी, जिसके बाद डंगा डह गया। करीब एक माह बीतने के बाद भी सड़क किनारे नया डंगा नहीं लग पाया है।
पिछली साल सर्कुलर रोड का डंगा गिरने पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई थी, अफसरों और नेताओं की गाड़ियां न चल पाने के कारण एक माह के भीतर ही नया डंगा लगा दिया गया था। इस बार सिर्फ बड़ी बसों की आवाजाही रोकी गई है, जिसके चलते डंगा लगाने का काम भी बेहद धीमी रफ्तार से चल रहा है।