बंगलूरू से शिमला पहुंचीं एचआरटीसी की 8 नई वोल्वो बसें, 3 मंगलवार को पहुंचेंगी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल किन्नौर को एचआरटीसी पहली बार वोल्वो बस सेवा से जोड़ने जा रहा है। टापरी से चंडीगढ़ के लिए वोल्वो बस सेवा शुरू करने की तैयारी है। बंगलूरू से एचआरटीसी की 11 में से 8 नई वोल्वो बसें शिमला पहुंच गई हैं। यह नई बस ही टापरी-चंडीगढ़ रूट पर चलाई जाएगी।
किन्नौर की खूबसूरत वादियाें का लुत्फ उठाने के लिए सैलानियों को अब टैक्सियों का भारी भरकम किराया नहीं चुकाना होगा। एचआरटीसी की लग्जरी वोल्वो बस में सवार होकर सैलानी किन्नौर पहुंच सकेंगे। चंडीगढ़ और दिल्ली सहित अन्य राज्यों में रहने वाले किन्नौर के लोगों को भी लाभ मिलेगा। शिमला-टापरी रूट पर एचआरटीसी वोल्वो का सफल ट्रायल पिछले साल ही कर चुका है। मौजूदा समय में दिल्ली-शिमला-रामपुर रूट पर एचआरटीसी की वोल्वो बस चल रही है। रामपुर से टापरी करीब 67 किलोमीटर की दूरी पर है।
शिमला-दिल्ली एयरपोर्ट रूट पर पहली बार वोल्वो बस सेवा
शिमला-दिल्ली एयरपोर्ट रूट पर वोल्वो बस सेवा शुरू करने का प्रस्ताव है। मौजूदा समय में एचआरटीसी शिमला से दिल्ली आईएसबीटी कश्मीरी गेट और हिमाचल भवन रूट पर वोल्वो बस संचालित कर रहा है। शिमला-चंडीगढ़ एयरपोर्ट रूट पर वोल्वो का सफल संचालन करने के बाद अब दिल्ली एयरपोर्ट रूट पर वोल्वो चलाने की योजना है।