न्यू शिमला से दस किमी घटेगा सोलन का सफर
शिमला। राजधानी में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बनने वाला पहला वैकल्पिक मार्ग चार महीने में तैयार किया जाएगा। न्यू शिमला से मैहली-शोघी बाइपास को जोड़ने के लिए बनने वाली इस सड़क के निर्माण पर 2.25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे न्यू शिमला से शोघी और सोलन के बीच का सफर करीब 10 किलोमीटर तक कम हो जाएगा। इसी तरह न्यू शिमला से मैहली या ब्योलिया के बीच की दूरी भी दो से चार किलोमीटर तक कम हो जाएगी।
अभी न्यू शिमला के लोगों को शोघी जाने के लिए वाया खलीनी टुटीकंडी बाइपास होते हुए जाना पड़ता है। अब न्यू शिमला और रझाणा के लोग सीधे इस नई सड़क से मैहली बाइपास होते हुए शोघी पहुंचेंगे। नई सड़क न्यू शिमला सेक्टर चार से रझाणा होते हुए स्कूल और हनुमान मंदिर परिसर से बड़ागांव के पास यह मैहली-शोघी बाइपास सड़क से जुड़ेगी। करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क बनेगी जिसमें क्रैश बैरियर, नालियां और टारिंग का काम भी शामिल है। लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क को बनाने के लिए टेंडर कॉल कर दिया है।
शहर के सर्कुलर रोड पर वाहनों की आवाजाही कम करने के लिए होटल होलीडे होम से लालपानी तक भी वैकल्पिक सड़क बनाने के प्रस्ताव पर भी काम शुरू हो गया है। यह सड़क लालपानी के पास खलीनी-टुटीकंडी बाइपास से जुड़ेगी। अभी बैमलोई से कनलोग तक बनी सड़क से वाहनों की आवाजाही होती है।
चार महीने में बनाकर देंगे सड़क : अभियंता
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सुधीर गुप्ता ने कहा कि इस वैकल्पिक सड़कमार्ग के लिए टेंडर कॉल कर दिया है। टेंडर अवार्ड होने के बाद चार महीने के भीतर यह सड़क तैयार करके देंगे।