प्रदेश के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में नए सत्र से प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। ऑनलाइन काउंसलिंग की प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बन चुकी है। काउंसलिंग ऑनलाइन किए जाने की पूरी प्रक्रिया को समझने के लिए बाबा फरीद मेडिकल कॉलेज में एचपीयू की टीम अध्ययन करने जाएगी। मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में प्रवेश पहले की तरह से राष्ट्रीय स्तर
सीबीएसई की ओर से करवाए जाने वाले नीट के प्राप्तांक के आधार पर होगी।
एचपीयू नीट परिणाम आने के बाद 15 दिन में प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए पात्र परीक्षार्थियों से प्राप्तांक के साथ आवेदन फॉर्म भरवाएगा। बीते सत्र में
एमबीबीएस करवाने वाले सरकारी कॉलेजों की पांच सौ एक निजी मेडिकल यूनिवर्सिटी की 150 सीटों और बीडीएस के एक सरकारी कॉलेज की 60 और चार निजी डेंटल कॉलेजों की 280 सीटों के लिए 5200 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था। इस बार भी इन सीटों के लिए आवेदकों की संख्या पांच हजार से अधिक ही रहेगी। काउंसलिंग ऑनलाइन होने से हजारों छात्रों को शिमला के चक्कर काटने से छुटकारा मिलेगा। घर बैठे ही उन्हें मेरिट के आधार पर च्वॉइस के कॉलेजों में प्रवेश मिलने या न मिलने का अपडेट मिलेगा।
किस कॉलेज में कितनी एमबीबीएस, बीडीएस सीटें
प्रदेश के पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों में आईजीएमसी की 100, डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज, डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा, पं. जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज मंडी में सौ, लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज चंबा में सौ सीटें हैं। एचपीयू ही निजी एमएम यूनिवर्सिटी सोलन की 150 सीटों के लिए काउंसलिंग करवाता है। गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज शिमला, निजी डेंटल कॉलेज सुंदरनगर, एमएन डीएवी सोलन और भुजिया डेंटल कॉलेज में 60-60 और हिमाचल इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंस पांवटा साहिब की 100 सीटों के लिए काउंसलिंग होगी।
नए सत्र में प्रक्रिया ऑनलाइन करने का प्रयास : डॉ. नेगी
प्रदेश विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने माना कि एमबीबीएस और बीडीएस की काउंसलिंग प्रक्रिया ऑनलाइन करने का नए सत्र से प्रयास रहेगा। बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी जाकर पूरी जानकारी ली जाएगी। इसके बाद एचपीयू अपने स्तर पर सॉफ्टवेयर तैयार करेगा।