फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: राजधानी में नई सड़कें-फ्लाईओवर बनेंगे, सुधरेगी ट्रैफिक व्यवस्था; एडीबी देगा पैसा

Wed, 04 Feb 2026 12:41 PM IST
शिमला ब्यूरो अशोक चौहान, शिमला।
विज्ञापन
शहर का सर्कुलर रोड, इसे भी चौड़ा किया जाना है। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन
राजधानी शिमला में साल दर साल गाड़ियों की बढ़ती संख्या से चरमरा रही यातायात व्यवस्था को सुधारने में अब एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) मदद करेगा। शहर में यातायात जाम के कारण वाहनों की रफ्तार न थमे, इसके लिए नई वैकल्पिक सड़कें, फ्लाईओवर और टनल बनाने की तैयारी है। इस योजना के लिए ड्रोन से सर्वे किया जाएगा। शहर में सुबह शाम पीक आवर्स के दौरान किन स्थानों पर ज्यादा जाम लगता है, इसे भी चेक किया जाएगा। सेब सीजन के दौरान ट्रकों की आवाजाही भी सुचारू करने के लिए प्लान बनेगा। पर्यटन सीजन के दौरान वाहनों की संख्या को देखते हुए भी योजना तैयार की जा रही है।
विज्ञापन

राजधानी में सर्कुलर रोड समेत मुख्य सड़कों पर कहां क्या नया काम होगा, इसकी योजना तैयार करने की कवायद शुरू हो गई है। एडीबी न सिर्फ वित्तीय मदद देगा बल्कि कंसलटेंट के जरिये विस्तृत योजना तैयार करने में भी सहायता करेगा। हिमाचल के दो शहरों शिमला और बद्दी को एडीबी के इस प्रोजेक्ट के लिए चुना है। शिमला शहर की योजना तैयार करने और इसके कार्यान्वयन का जिम्मा एडीसी की अगुवाई वाली कमेटी करेगी। कमेटी में कई सरकारी महकमे भी शामिल हैं। यह कमेटी एक बैठक कर चुकी है।

अब अगली बैठक में इस योजना का खाका तैयार किया जाएगा। सबसे पहले शहर के उन चौक, चौराहों को चिह्नित किया जाएगा जहां सबसे ज्यादा यातायात जाम लग रहा है। शहर में कहां फ्लाईओवर, टनल और पुल बनाने की संभावना है, कहां वैकल्पिक सड़कें तैयार हो सकती हैं, इस पर विस्तृत योजना तैयार होगी। इसका सर्वे करने के बाद रिपोर्ट तैयार की जाएगी। रिपोर्ट के बाद कंसलटेंट फिजिबिलिटी देखने के साथ डीपीआर तैयार करेगा। एडीसी शिमला सचिन शर्मा ने कहा कि राजधानी में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए विस्तृत योजना तैयार की जा रही है। इस पर काम शुरू हो गया है।

सिटी ट्रांसपोर्टेशन पर पहला प्रोजेक्ट
राजधानी में यह पहला ऐसा प्रोजेक्ट है जो सिर्फ सिटी ट्रांसपोर्टेशन को बेहतर करने पर केंद्रित रहेगा। इससे पहले स्मार्ट सिटी मिशन के तहत भी सर्कुलर रोड को चौड़ा करने, फ्लाईओवर बनाने जैसे काम किए जा रहे हैं। अब इससे व्यापक स्तर पर काम करने की तैयारी है। राजधानी में सिटी ट्रांसपोर्टेशन को सुधारने के लिए हिमाचल रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कार्पोरेशन ने भी काफी बड़े स्तर पर सर्वेक्षण किया है। इसके तहत सर्कुलर रोड के साथ फ्लाईओवर बनाने, टॉलैंड से आईजीएमसी तक टनल निर्माण, शिमला चंडीगढ़ एनएच पर दोनों क्रॉसिंग के पास फ्लाईओवर बनाने जैसे प्रोजेक्ट से यातायात व्यवस्था बेहतर की जा सकती है। हालांकि, बजट की कमी के चलते यह अभी धरातल पर नहीं उतरे हैं। अब एडीबी की मदद से इन्हें जल्द धरातल पर उतारा जा सकता है।

122 करोड़ सर्कुलर रोड पर होंगे खर्च
जिला प्रशासन ने सर्कुलर रोड को चौड़ा करने के लिए 122 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट तैयार किया है। इसके लिए कई स्थानों पर निजी जमीन का भी अधिग्रहण होना है। अधिग्रहण के कारण इस योजना की लागत काफी बढ़ रही है। इसके चलते यह फिलहाल लटका पड़ा है। नई योजना से इसे रफ्तार मिल सकती है।

फ्लाईओवर, पुल बनने से कार्ट रोड पर घटेगा जाम
राजधानी में इस साल कार्टरोड पर फ्लाईओवर और पुल बनने से यातायात जाम से राहत मिलने जा रही है। लिफ्ट के पास कार्ट रोड पर बने पुल के समांतर लोक निर्माण विभाग एक और पुल तैयार कर रहा है। अगले 3 महीने में इसके तैयार होने की उम्मीद है। इसी तरह विधानसभा के पास भी फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। अगस्त तक इसे तैयार करने का टारगेट रखा गया है। यह दोनों प्रोजेक्ट इसी साल बनकर तैयार होंगे जिससे लोगों को विधानसभा से लेकर लिफ्ट तक लगने वाले जाम से काफी राहत मिलेगी।
विज्ञापन

इस रोड पर कई जगह सड़क चौड़ी करने की संभावना है। नए प्रोजेक्ट में इस योजना पर काम हो सकता है। कार्टरोड पर पुल के बनने के बाद चंडीगढ़ की तरफ से आने वाले सीधे पार्किंग में प्रवेश करेंगे। इससे जाम नहीं लगेगा। अभी यह वाहन सड़क के बीच से पार्किंग के लिए मुड़ते हैं। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइनें लग जाती हैं जिससे पूरे शहर में जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। इसलिए इस पुल को जाम की समस्या के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यही नहीं प्रशासन ने इसके अलावा शहर में कई और स्थान भी चिह्नित किए हैं जहां जाम लगता है। इन स्थानों को भी चौड़ा किया जाना प्रस्तावित है। इसके अलावा कुछ एक जगह पर फ्लाईओवर बनाने के भी प्रस्ताव है। इसमें खलीनी बाईपास पर चल रही फ्लाईओवर बनाने की योजना भी है। इस फ्लाईओवर के बनने के बाद खलीनी में हर रोज लगने वाला जाम भी खत्म हो जाएगा। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें