प्रदीप ठाकुर ने कहा कि 12 और 13 फरवरी को सभी विभागों के कर्मचारी पेंशन बहाली को लेकर बैठकें करेंगे। फरवरी में सरकार अगर पुरानी पेंशन को बहाल नहीं करती तो मार्च में आंदोलन को तेज किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर एनपीएस कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया है। न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ के बैनर तले कर्मचारियों ने सरकार को चेतावनी दी है कि पुरानी पेंशन बहाल नहीं हुई तो बजट सत्र के दौरान प्रदेश भर से एक लाख कर्मचारी शिमला में जुटेंगे और पूरा शहर जाम कर दिया जाएगा। इसके अलावा सत्तापक्ष-विपक्ष के सभी 68 विधायकों के आवास के बाहर भी प्रदर्शन किए जाएंगे।
विज्ञापन
महासंघ के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने रविवार को प्रेस वार्ता में कहा कि पुरानी पेंशन बहाल करने से सरकार को 4 हजार करोड़ का फायदा पहुंचेगा, क्योंकि मौजूदा समय में सरकार एनएसडीएल कंपनी को करोड़ों रुपये देती है। राज्य सरकार कर्मचारियों के पैसे के रखरखाव के लिए कंपनी को 17 करोड़ 84 लाख रुपये देती है। इस तरह करोड़ों की रकम का दुरुपयोग हो रहा है।
प्रदीप ठाकुर ने कहा कि 12 और 13 फरवरी को सभी विभागों के कर्मचारी पेंशन बहाली को लेकर बैठकें करेंगे। फरवरी में सरकार अगर पुरानी पेंशन को बहाल नहीं करती तो मार्च में आंदोलन को तेज किया जाएगा। प्रदीप ठाकुर ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप के पुरानी पेंशन बहाली को लेकर दिए बयान का खंडन किया है। उन्होंने मांग की है कि अगर सरकारी कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू नहीं किया जा रहा तो विधायकों और सांसदों की पेंशन भी बंद की जाए। प्रेस वार्ता के दौरान न्यू पेंशन कर्मचारी महासंघ की ओर से पेंशन बहाली की मांग को लेकर एक वीडियो गाना भी रिलीज किया गया है।