राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण ने मरीजों की सुरक्षा के मानकों के उल्लंघन पर नशा मुक्ति केंद्र का पंजीकरण किया रद्द पुलिस की रिपोर्ट आने के बाद जारी किए गए निर्देश
केंद्र में भर्ती मरीज परिजनों के सुपुर्द करने के आदेश अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। नशा मुक्ति केंद्र न्यू मझार ब्योलिया में पूर्व सैनिक की हत्या का मामला सामने आने के बाद अब इस केंद्र को बंद कर दिया है। राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण ने मरीजों की सुरक्षा और क्रियान्वयन नियमों का उल्लंघन होने पर केंद्र का पंजीकरण रद्द कर दिया है।
प्राधिकरण ने केंद्र में भर्ती मरीजों को उनके परिजनों के सुपुर्द करने के आदेश दिए हैं। मानसिक स्वास्थ्य अधिनियम 2017 में मरीजों की सुरक्षा और उनके उपचार को लेकर विशेष प्रावधान किए हैं। यह अधिनियम मानसिक रूप से बीमार व्यक्तियों को क्रूर, अमानवीय और अपमानजनक व्यवहार से सुरक्षा का अधिकार देता है। अभी तक की जांच में सामने आया है कि पूर्व सैनिक संदीप के साथ नशा मुक्ति केंद्र में बेरहमी से मारपीट की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने, गला घोंटने की बात भी सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में केंद्र के निदेशक प्रत्युष ठाकुर, स्टाफ सदस्य कार्तिकेय शर्मा, अरुण शर्मा और हिमांशु दुल्टा के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पुलिस इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर भी छानबीन कर रही है। पुलिस मामले से संबंधित तथ्यों को जुटाने के लिए एफएसएल विशेषज्ञों के साथ कई बार केंद्र का निरीक्षण कर चुकी है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने सबूतों को मिटाने की कोशिश भी की है। केंद्र में लगे सीसीटीवी फुटेज का डाटा भी डिलीट किया है। इसको रिट्रीव (वापस हासिल करना) करने के लिए सीएफएसएल जुन्गा को डीवीआर भेजी है। इसको लेकर पुलिस ने सबूतों को नष्ट करने की धाराओं को भी जोड़ा है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि संदीप नशा मुक्ति केंद्र से छुट्टी लेकर घर आया था। 12 नवंबर की रात संदीप लहूलुहान अवस्था में घर पहुंचा। इस दौरान उसके नाक से खून बह रहा था और कपड़ों पर भी खून के धब्बे लगे थे।
अगले दिन सुबह के समय संदीप की पत्नी कृष्णा देवी ने नशा मुक्ति केंद्र को सूचना दी और उसे ले जाने के लिए कहा। इसके बाद केंद्र की टीम संदीप को लेकर चली गई। आरोप है कि इस दौरान केंद्र में उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। तबीयत बिगड़ने पर अगले दिन उसे पंथाघाटी के तेंजिन अस्पताल लाया गया लेकिन यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना संदीप की पत्नी कृष्णा देवी को दी। पहले पुलिस को प्रतीत हो रहा था कि संदीप के साथ घर आने से पहले मारपीट हुई थी लेकिन पड़ोसियों और अन्य लोगों से पूछताछ से पता चला कि उसकी नकसीर निकली थी और इसका खून उसके कपड़ों पर भी लगा था। मामले की रिपोर्ट पुलिस ने संबंधित प्राधिकरण को भेजी थी। इसके बाद राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण ने आगामी कार्रवाई अमल में लाई है।
कोट न्यू मझार ब्योलिया के नशामुक्ति केंद्र में मानसिक स्वास्थ्य अधिनियम 2017 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने के बाद केंद्र का पंजीकरण रद्द कर दिया है। पुलिस की ओर से इस बारे में रिपोर्ट प्राप्त हुई थी। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई है। केंद्र में भर्ती अन्य मरीजों को उनके परिजनों के सुपुर्द करने के निर्देश दिए गए हैं।
-डॉ. सुरेखा चोपड़ा, चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर, राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण