बिशप कॉटन स्कूल में क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू, पाइन ग्रोव ने लखनऊ और सनावर ने पीपीएस नाभा को हराया
विज्ञापन
सोहम झा ने 64 गेंदों में नाबाद 156 रन बनाए प्रतियोगिता में पहले दिन खेले गए 3 मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के बिशप कॉटन स्कूल में 23वीं मेजर आरके वॉन गोल्डस्टीन क्रिकेट टूर्नामेंट का मंगलवार से धमाकेदार आगाज हुआ। प्रतियोगिता में पहले दिन 4 रोमांचक मुकाबले खेले गए।
प्रतियोगिता में पहला मुकाबला पंजाब पब्लिक स्कूल (पीपीएस) नाभा और लॉरेंस स्कूल सनावर के बीच खेला गया। इसमें सनावर स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 219 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में पीपीएस नाभा की टीम 141 ही रन बना सकी और 18 ओवरों में ऑलआउट हो गई। मुकाबले को सनावर ने 78 रनों से जीत लिया। इसमें सनावर की तरफ से सल्लामी बल्लेबाज सैफ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 115 रन बनाए। कोस्तव ने घातक गेंदबाजी करते हुए पीपीएस नाभा के 5 विकेट झटककर टीम की जीत सुनिश्चित की। इसके बाद प्रतियोगिता में दूसरा मुकाबला बसंत वैली न्यू दिल्ली और वाईपीएस पटियाला के बीच खेला गया। इस मुकाबले में न्यू दिल्ली ने वाईपीएस पटियाला को एकतरफा मुकाबले में हराकर जीत दर्ज की। पहले मुकाबले में न्यू दिल्ली की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट पर 278 का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसमें टीम की ओर से सोहम झा ने 64 गेंदों में नाबाद 156 रन की तूफानी पारी खेली।
उन्होंने अपनी पारी में 23 चौके और 7 छक्के लगाए। वहीं अभय तलवार ने 58 और अनंत अग्रवाल ने 43 रन की किफायती पारी खेली। इसके जवाब में वाईपीएस पटियाला की टीम 11.1 ओवर में 79 रन ही बना सकी। इसमें जय प्रताप सिंह ने 37 रन बनाए। इसमें न्यू दिल्ली ने 109 रनों से जीत दर्ज की। तीसरा मुकाबला पाइनग्रोव स्कूल और लॉ मार्टिनेयरी कॉलेज लखनऊ के बीच खेला गया। इसमें लखनऊ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में पाइनग्रोव की टीम को 161 रनों का लक्ष्य दिया। इसे पाइनग्रोव टीम ने 17.1 ओवर में 6 विकेट खोकर ही हासिल कर लिया। इसमें लखनऊ की ओर से देव ने सबसे ज्यादा 55 रन बनाए। इसके अलावा जरंत ने भी 24 दनों की किफायती पारी खेली। लखनऊ की तरफ से कोई खिलाड़ी बड़ी पारी नहीं खेल पाया। आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट के पहले ही दिन बड़े स्कोर, दमदार पारियां और घातक गेंदबाजी देखने को मिली। बल्लेबाजों में सोहम झा ने 156 रन बनाए। गेंदबाजी में कोस्तव ने 5 विकेट लिए। शिक्षक ममता गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल आठ स्कूलों की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता 2 अप्रैल तक चलेगी।