हिमाचल के जिला सोलन में कोरोना का कहर जारी है। रविवार को एक साथ 26 मामले आने के बाद सोमवार को एक साथ 42 कोरोना संक्रमित के मामले आए हैं। एक सोलन, तीन धर्मपुर और 38 मामले बीबीएन क्षेत्र के हैं। संक्रमित आए सभी लोग संस्थागत और होम क्वारंटीन में थे। इन लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने संक्रमितों को कोविड सेंटर शिफ्ट करना शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार जिला सोलन के सूर्या बिहार में बिहार से आया एक व्यक्ति पॉजिटिव आया है। इसे स्वास्थ्य विभाग ने होम क्वारंटीन किया था।
इसके अलावा धर्मपुर क्षेत्र में मेरठ से आए एक परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। इनमें एक माह और दस साल की बच्ची समेत उनका पिता शामिल है जबकि मां की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके अलावा नालागढ़ में वार्ड नंबर-7 और बद्दी के ग्राम पंचायत हरिपुर संडोली में कोरोना संक्रमितों के सीधे संपर्क में आने से दो व्यक्ति पाजिटिव आए हैं। वहीं उत्तर प्रदेश और बिहार से पहुंचें 36 लोग जो क्वारंटीन थे, इनकी रिपोर्ट भी कोरोना संक्रमित आई है। इन्हें स्वास्थ्य विभाग कोविड सेंटर शिफ्ट करना शुरू कर दिया है।
संक्रमितों को किया जा रहा शिफ्ट
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि जिला सोलन से भेजे गए सैंपलों में से 80 रिपोर्ट शेष थी, जिसमें से 42 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए है और 37 लोगों रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि एक सैंपल की रिपोर्ट आनी शेष है। संक्रमितों को कोविड सेंटर शिफ्ट किया जा रहा है। इनमें सभी लोग क्वारंटीन और होम क्वारंटीन थे।