प्रदेश में उचित मूल्य की दुकानें अब नीले नहीं, बल्कि सफेद और आसमानी रंग में नजर आएंगी। केंद्र सरकार ने सख्त आदेश जारी किए हैं कि उचित मूल्य की दुकानों में अलग रंग किया जाए। पहले राशन डिपो पर कोई भी पेंट करवा दिया जाता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।
केंद्र ने हिमाचल सहित देश के सभी राज्यों को आदेश दिए हैं कि उचित मूल्य की दुकानों पर तुरंत एक समान पेंट किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को यह पता लगाना आसान हो सके कि बाजार में कौन सी उचित मूल्य की राशन की दुकान है।
पहले कई बार तो एक ही दुकान में दुकानदार अपना माल और उचित मूल्य के राशन की बिक्री भी करते थे। राशन डिपो की अलग पहचान बनाने को प्रदेश भर में एक समान रंग करने का फैसला लिया गया है। पहले राज्य की उचित मूल्य की दुकानों में आसमानी रंग कराने पर मुहर लगाई गई थी।
राज्य सरकार ने अन्य राज्यों को ध्यान में रखकर अपना विचार बदल कर सफेद और आसमानी नीला रंग दुकानों के अंदर और बाहर करवाने की तैयारी है। कई राज्यों में सफेद तो कुछ में आसमानी नीला रंग किया गया है। ऐसी स्थिति में सरकार चाह रही है कि सरकारी राशन की दुकानों में दोनों रंगों का इस्तेमाल कर समानता लाई जाए।
कई क्षेत्रों में आसमानी नीला रंग कराने का काम आरंभ हो गया था, परंतु इसे अब रोक दिया है। डीएफएससी रमेश गंगोत्रा ने कहा कि उचित मूल्य की सभी दुकानों में समान रंग करने का फैसला लिया है। इन दुकानों में सफेद और आसमानी नीला रंग किया जाना है।