मुख्य सचिव पद के लिए लंबे समय से चली आ रही जद्दोजहद लगभग खत्म हो चुकी है। सिविल सर्विस बोर्ड की बैठक में चर्चा के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को नामोें का जो पैनल भेजा गया है, उनमें से एक नाम पर मुहर लगेगी, मगर सीएम ने अभी तक इस पर अपने पत्ते नहीं खोले हैं।
सिविल सर्विस बोर्ड ने नए मुख्य सचिव की तैनाती की फाइल मुख्यमंत्री को भेज दी है। फाइल में बताया है कि कौन वरिष्ठ आईएएस अधिकारी यहां सेवाएं दे रहे हैं और कितने प्रतिनियुक्ति पर हैं। उनकी पात्रता का जिक्र भी है।
मुख्य सचिव विनीत चौधरी 29 सितंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इसी दिन सरकार नए सीएस का एलान कर सकती है। सीनियॉरिटी में उपमा चौधरी काडर की वरिष्ठ अधिकारी हैं, मगर वह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं।
मौजूद अधिकारियों में वीसी फारका वरिष्ठतम हैं। चूंकि वर्तमान सरकार ने ही उनको पद से हटाया था, ऐसे में उनके सीएस बनने के आसार नहीं हैं। बीके अग्रवाल और उनके ही बैच के डा. श्रीकांत बाल्दी भी दावेदार हैं। दोनों ही जयराम सरकार के भरोसेमंद हैं।