सूबे में दिसंबर महीने में डेंगू का प्रकोप लगभग थम गया था, लेकिन जनवरी में एक बार फिर डेंगू लौट आया है। पिछले 30 दिन में 62 मरीजों के सैंपलों की जांच की गई, जिनमें से छह में डेंगू पाया गया है। कांगड़ा जिला में सबसे ज्यादा डेंगू के पांच मामले सामने आए हैं जबकि शिमला में भी एक मरीज में डेंगू की पुष्टि हुई है।
वीरवार को तीन संभावित मरीजों के सैंपलों की रिपोर्ट आई, जिसमें किसी में डेंगू नहीं पाया गया है। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने कहा कि संभावित मरीजों के सैंपल लेकर डेंगू की जांच रूटीन में करवाई जा रही है। अभी तक जिला में पांच मरीजों में डेंगू पाया गया है, जिनका प्राथमिकता से उपचार किया जा रहा है।
डेंगू बुखार एक वायरस के जरिये संक्रमित मच्छरों के काटने से फैलता है। बुखार, तेज सिर दर्द, आंख के पीछे दर्द, जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द, शरीर में छोटे-छोटे दाने होना शुरू होते हैं।