घुमारवीं में चतुर्थ श्रेणी कर्मी को टीका लगाया।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में दो अस्पतालों से कोविड वैक्सीन की शुरुआत की गई, लेकिन पहले ही दिन वैक्सीन की पुख्ता तैयारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग के दावे हवा हो गए। घुमारवीं अस्पताल में जिस चतुर्थ श्रेणी कर्मी पंकज कुमार को 11:05 बजे पहला टीका लगा, वह करीब 18 मिनट बाद करीब 11:23 बजे ही अपनी बाइक से घर निकल गया, जबकि उसे 30 मिनट तक वहीं डॉक्टरों की निगरानी में रहना था। यह सब पहले ही तय था, ताकि कोई प्रतिकूल रिएक्शन होने पर डॉक्टर उसे देख सकें। ऐसी तैयारियां करीब एक माह से चल रहीं थीं।
इससे पहले तो घुमारवीं अस्पताल प्रबंधन ने यह भी तय नहीं किया था कि पहला टीका किसे लगना है। सरकार के निर्देशानुसार सफाई कर्मी को पहला टीका लगना था, लेकिन कोई सफाई कर्मी तैयार नहीं हुआ। उसके बाद आंगनबाड़ी कर्मी पुष्पा देवी को टीका लगाने को तैयार किया। उसे भी टीका नहीं लगा, तो अस्पताल के चतुर्थ श्रेणी कर्मी पंकज को टीका लगाया। इस प्रकरण पर बीएमओ अभिनीत शर्मा ने बताया कि कर्मी टीका लगवाने के बाद अपना आधार कार्ड लाने घर गया था, उसके बाद वह अस्पताल वापस आया है। अस्पताल में कोविड वैक्सीन को लेकर तैयारियां पूरी हैं।