समुद्रतल से 12 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित चूड़धार चोटी के समीप तीसरी नामक स्थान से 2 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई श्रुति की तलाश के लिए अब राज्य सरकार एनडीआरएफ की सहायता लेगी। इसके लिए जिला पुलिस ने डीजीपी से पत्राचार किया है। हालांकि, एनडीआरएफ की टीम कब आएगी, अभी तक यह तय नहीं हो पाया है।
उधर, श्रुति की तलाश में नौवें दिन भी सर्च ऑपरेशन जारी रहा। करीब 50 पुलिस कर्मचारी चूड़धार के जंगलों में मासूम की तलाश में जुटे हुए हैं। अभी तक किसी भी तरह की कामयाबी नहीं मिल पाई है। पुलिस इस मामले को सभी एंगल से जोड़कर देख रही है।
जंगल में जानवरों के हमले के साथ ही आपराधिक नजरिए से भी इसकी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि सर्च ऑपरेशन के दौरान जंगल में मृत चूहों व पशुओं के अवशेष मिले हैं। बच्ची का एक भी सुराग नहीं मिला। एएसपी सिरमौर वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि सर्च अभियान जारी है।
मोबाइल डंप डाटा का भी सहारा लिया जा रहा है। 50 से अधिक कर्मचारी चूड़धार के जंगलों में ग्रामीणों के साथ तलाशी अभियान जारी रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि बच्ची की तलाश के लिए एनडीआरएफ को बुलाया जा रहा है।
इसके लिए पत्राचार किया जा रहा है। वहीं, पुलिस ने पहले ही बच्ची के लापता होने पर भादंसं की धारा 363 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की हर पहलू से छानबीन की जा रही है।