3,535 रुपये प्रति व्यक्ति के इस पैकेज में सैलानियों की आवाजाही, खाने-पीने और ठहरने का बंदोबस्त पर्यटन निगम की ओर से किया जाएगा। 15 अप्रैल तक ऑफ सीजन की दरें लागू होंगी।
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम नवरात्र पर शिमला आने वाले सैलानियों को देवी दर्शन के साथ पहाड़ों की खूबसूरती का लुत्फ उठाने का मौका दे रहा है। निगम ने नवरात्र से पहले मां भीमाकाली दर्शन पैकेज जारी किया है। एक रात और दो दिन के इस पैकेज में सैलानी सराहन स्थित मां भीमाकाली मंदिर के दर्शन के साथ शिमला के मशहूर पर्यटन स्थल कुफरी और नारकंडा की भी सैर कर सकेंगे। खास बात यह है कि 3,535 रुपये प्रति व्यक्ति के इस पैकेज में सैलानियों की आवाजाही, खाने-पीने और ठहरने का बंदोबस्त पर्यटन निगम की ओर से किया जाएगा। 15 अप्रैल तक ऑफ सीजन की दरें लागू होंगी। इसके बाद सीजन की दरें वसूली जाएंगी।
विज्ञापन
पर्यटन विकास निगम के उप महाप्रबंधक अनिल तनेजा ने बताया कि पहले दिन इनोवा या टेंपो ट्रैवलर में सैलानी शिमला से रवाना होंगे। लंच नारकंडा के होटल हाटू में होगा। इसके बाद नारकंडा की हाटू पीक की सैर होगी। हाटू पीक में अभी करीब डेढ़ फीट बर्फ मौजूद है। इसके बाद सराहन की ओर रवानगी होगी। शाम की चाय और नाश्ता रामपुर के होटल बुशैहर रीजेंसी में होगा। डिनर और रात्रि ठहराव सराहन के होटल श्रीखंड में होगा। दूसरे दिन सुबह मां भीमाकाली के दर्शन के बाद होटल श्रीखंड में ब्रेकफॉस्ट होगा। लौटते हुए नारकंडा के होटल हाटू में लंच होगा। शिमला लौटते हुए शाम की चाय और नाश्ता कुफरी के कैफे ललित में होगा। कुफरी घूमने के बाद देर शाम शिमला पहुंचने पर टूर खत्म होगा।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नवरात्र से पहले मां भीमाकाली दर्शन पैकेज जारी किया गया है। एक रात और दो दिन के इस पैकेज में सैलानियों के लिए आवाजाही, खाने-पीने और ठहरने का पूरा बंदोबस्त पर्यटन निगम की ओर से किया जाएगा। प्रदेश के अन्य शक्तिपीठों के लिए भी देवी दर्शन पैकेज जारी करने की योजना है। - अमित कश्यप, प्रबंध निदेशक, पर्यटन विकास निगम