कोटशेरा कॉलेज में एड्स जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। कोटशेरा कॉलेज में रेड रिबन क्लब ने एड्स मुक्त समाज को लेकर रील प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में कॉलेज के 15 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र नवीत ने पहला, बीएससी द्वितीय वर्ष के कर्ण ने दूसरा और बीए तृतीय वर्ष के छात्र अक्षत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. प्रियंका विंटा ने किया। उन्होंने डीन स्टूडेंट वेल्फेयर डॉ. पीडी कौशल का स्वागत किया। संयोजिका डॉ. नीना गौतम ने क्लब की गतिविधियों और युवा वर्ग में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी।
मुख्य अतिथि डॉ. पीडी कौशल ने क्लब की टीम की सराहना करते हुए कहा कि भारत में लगभग 73 प्रतिशत युवा एचआईवी संक्रमण के तरीकों को पूरी तरह नहीं समझते हैं। उन्होंने युवाओं को सही जानकारी और सामाजिक संवाद की आवश्यकता पर जोर दिया। डॉ. सुमित गुप्ता के नेतृत्व में सभी उपस्थित विद्यार्थियों ने नशा न करने की शपथ भी ली।
रील प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. शालिनी चौहान और पत्रकारिता विभागाध्यक्ष सुजय कपिल शामिल रहे। डॉ. कामिनी शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में लगभग 120 विद्यार्थी और शिक्षकों की टीम उपस्थित रही।