एयर इंडिया को हराकर इंडियन नेवी की टीम बनी विजेता
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में रामपुर के पद्म छात्र स्कूल में तीन दिवसीय राष्ट्रीय वॉलीबाल प्रतियोगिता में इंडियन नेवी ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के फाइनल में इंडियन नेवी ने एयर इंडिया को 3-1 से हराया। विजेता टीम को 71,000 और उपविजेता रही टीम को 41,000 रुपये की नकद राशि पुरस्कार के तौर पर दी गई। प्रतियोगिता के समापन पर विधायक नंद लाल ने विजेता टीमों को सम्मानित किया। इस दौरान पूर्व अंतरराष्ट्रीय वॉलीबाल खिलाड़ी और चयनकर्ता दिलेर सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।
इससे पहले प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल इंडियन नेवी और सेंटर आईटीबीपी के बीच हुआ। इसमें इंडियन नेवी ने सेंटर आईटीबीपी को 3-0 से मात दी। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में एयर इंडिया और एचएसआईडीसी के बीच मुकाबला हुआ। इसमें एयर इंडिया ने एचएसआईडीसी को 3-2 से हराया। फाइनल मुकाबला भी रोचक रहा। जिसमें इंडियन नेवी ने एयर इंडिया को 3-1 से शिकस्त देकर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
आठ टीमों ने प्रतियोगिता में दिखाया दमखम
24 से 26 जून तक चली राष्ट्रीय वॉलीबाल प्रतियोगिता में नादर्न रेलवे, पंजाब पुलिस, इंडियन नेवी, हरियाणा, हिमाचल पुलिस, सेंटर आईटीबीपी, एचएसआईडीसी और एयर इंडिया की टीम ने हिस्सा लिया। इस मौके पर बुशहर वॉलीबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष बांका राम भलूनी, डीडी कायथ, राजेंद्र ठाकुर, प्रेम मेहता मौजूद रहे।