प्रदेश में 31 अक्तूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। इसका आयोजन पूरे प्रदेश में 26 जनवरी और 15 अगस्त की तर्ज पर होगा। जिला स्तर पर होने वाले इस कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम का आयोजन हर जिला मुख्यालय में होगा। इस संबंध में राज्य सरकार की ओर से सभी जिलों को आदेश जारी हो गए हैं।
इस दौरान पुलिस, एनसीसी, सेना, आईटीबीपी, एसएसबी और होमगार्ड के जवान परेड में भाग लेंगे। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए आदेश जारी किए हैं।
इसी कड़ी में बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार के ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा, सिरमौर में विस अध्यक्ष राजीव बिंदल, कांगड़ा में खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर, रिकांगपिओ में सरवीण चौधरी, लाहौल स्पीति में कृषि मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा, ऊना में विरेंद्र कंवर, जिला मंडी में आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, हमीरपुर में विपिन परमार, कुल्लू जिला में आयोजित कार्यक्रम में वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर और सोलन जिला में होने वाले कार्यक्रम में डॉ. राजीव सहजल भाग लेंगे।
सीएम जयराम ठाकुर राज्य मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। वहीं शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज शिमला में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। बिलासपुर के एसपी अशोक कुमार ने बताया कि आदेश मिले हैं। 31 अक्तूबर को जिला स्तर पर कार्यक्रम होगा। बिलासपुर में ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा हिस्सा लेंगे।