हिला हैंडबॉल टीम ने जीत के बाद डाली नाटी।
- फोटो : संवाद
उत्तराखंड के देहरादून में चल रहे 38वीं राष्ट्रीय खेलों में हिमाचल की बेटियों ने अब हैंडबाल में गोल्ड अपने नाम कर लिया है। मंगलवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में हिमाचल ने हरियाणा को 46-39 के अंतर से हराकर यह स्वर्णिम इतिहास लिखा। इस बार राष्ट्रीय खेलों में हिमाचल प्रदेश ने दूसरा गोल्ड जीता है। इससे पहले बेटियां कबड्डी में गोल्ड अपने नाम कर चुकी हैं। जबकि महिला हैंडबाल टीम का राष्ट्रीय खेलों में लगातार दूसरा गोल्ड है।
हैंडबॉल में गोल्ड जीतने के लिए बेटियों ने मुकाबले में शुरू से ही अच्छा प्रदर्शन किया। पिछले मैचों की तरह कप्तान समेत अन्य सभी खिलाड़ियों ने बेहतर खेल दिखाया। हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ महासचिव राजेश भंडारी ने बताया कि फाइनल मुकाबले में टीम की कप्तान मेनिका पाल ने सात, भावना ने आठ, गुलशन ने सात, शालिनी ने चार, मिताली ने तीन, रिंपल ने पांच और प्रियंका ने चार गोल दागकर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की।
कबड्डी की तरह महिला हैंडबॉल टीम ने अपने सभी मुकाबले जीते हैं। पहले मैच में हिमाचल ने मेजबान उत्तराखंड को 45-6, दूसरे मैच में उत्तर प्रदेश को 50-14 और तीसरे मैच में राजस्थान को 42-14 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। इसके बाद सेमीफाइनल में दिल्ली को 40-16 से शिकस्त दी और फाइनल में हरियाणा पर विजय हासिल की। इससे पहले हैंडबाल में बेटियों ने 37वीं नेशनल गेम्स में स्वर्ण जीता था। हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर, सह सचिव डीडी तनवर, मुनीष राणा, चंदन ठाकुर, दीपक ठाकुर, रणदीव ठाकुर, कर्ण चंदेल, मनोज ठाकुर, स्नेहलता, कांता पराशर और परवीन दुबे ने शानदार उपलब्धि पर टीम को बधाई दी और खेल की सराहना की। उधर, फाइनल जीतने के बाद खिलाड़ियों ने खुलकर जश्न मनाया और नाटी डाली।