तारादेवी स्थित माहूंनाग मंदिर में सोमवार को नाग पंचमी पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने मंदिर में आकर जल और दूध से देवता का अभिषेक किया। दोपहर बाद शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने भी मंदिर आकर पूजा-अर्चना की।
इसके अलावा शहर के मिडिल बाजार स्थित शिवालय में भी भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर को आकर्षक फूलों से सजाया गया था। भक्त दूध के पैकेट लेकर दिनभर अभिषेक करते रहे।
माहूंनाग मंदिर में शाम चार बजे तक करीब तीन हजार भक्तों ने मंदिर में पहुंचकर माथा टेका। मंदिर के पुजारी शंकर लाल शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंदिर में भक्तों को भंडारे की व्यवस्था की थी।
इसमें भक्तों को हलवा पूरी, छोले, कड़ी, राजमा और खीर खिलाई गई। इसके अलावा मिडिल बाजार मंदिर में भक्तों को खीर बांटी। शिमला शहर के स्थायी निवासी राजेश्वर ने बताया कि वीआईपी गाड़ियों की मंदिर को आवाजाही के समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दरअसल मंदिर को जाने वाले संपर्क मार्ग पर एक किमी पीछे ही गाड़ियां रोक दी। यहां से बुजुर्गों और बच्चों को पैदल ही मंदिर तक जाना पड़ा। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने माहुंनाग मंदिर में दर्शनों के बाद लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
लोगों ने बताया कि स्कूली छात्रों के लिए यहां पर पुलिया नहीं बनी है। खराब मौसम के बीच बच्चों को आवाजाही करने में मुश्किलें होती हैं। इसके बाद शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को सड़क की मेटलिंग, पुलिया बनाने तथा नालियां दुरुस्त करनेको कहा।