एसीसी फैक्ट्री बंद होने के बाद से ग्राउंड में खड़ा था ट्रक
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बरमाणा में एसीसी सीमेंट फैक्ट्री बंद होने के 42 दिन बाद भी शुरू नहीं हो पाई है। इस कारण ट्रक ऑपरेटरों की गाड़ियां बीडीटीएस ग्राउंड से लेकर आसपास की सड़कों के किनारे खड़ी हैं। एक तरफ जहां ऑपरेटरों को ट्रकों की बैटरियां खराब होने का डर सताने लगा है, वहीं अब शातिरों ने ट्रकों की बैटरियों पर हाथ साफ करना शुरू कर दिया है।
ट्रक ऑपरेटर मुकेश कपिल ने बताया कि 42 दिन से उनका ट्रक बरमाणा में बीडीटीएस मैदान में खड़ा है। काम न होने के कारण पहले ही आर्थिक स्थिति कमजोर होती जा रही है। वहीं, अब मैदान में खड़े ट्रक से रविवार रात को किसी शातिर ने ट्रक का शीशा तोड़कर दो बैटरियां चोरी कर लीं। कहा कि दोनों बैटरियों की कीमत करीब 20 हजार है। मुकेश कपिल ने कहा कि गाड़ी के साइड गिलास तोड़े गए हैं, जिनकी कीमत 1500 रुपये है। कहा कि पहले ही रोजी रोटी का संकट है, 42 दिन से ऑपरेटर हड़ताल पर हैं और अपने हक के लिए लड़ रहे हैं। अब गाड़ियों को शातिरों से बचाने की चिंता होने लगी । मुकेश कपिल ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में बरमाणा थाना में शिकायत दी है। वहीं, डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।