हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों के बीच नगर निकाय चुनाव का भी एलान हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को प्रदेश की 29 नगर परिषदों और 23 नगर पंचायतों में चुनाव की घोषणा कर दी। तमाम शहरी निकायों में आगामी 10 जनवरी को मतदान होगा।
उसी दिन परिणाम भी घोषित हो जाएंगे। इसके साथ ही नगर निगम शिमला, लाहौल स्पीति, चंबा के पांगी और भरमौर को छोड़कर पूरे प्रदेश में आचार संहिता लागू हो गई है। धर्मशाला नगर निगम क्षेत्र में भी आचार संहिता लागू होगी। नगर निगम शिमला और धर्मशाला में चुनाव बाद में होंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त टीजी नेगी ने मंगलवार को शिमला में प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 18 दिसंबर को नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी। प्रदेश की 52 शहरी निकायों में चुनाव होंगे। इनमें 2,79,870 मतदाता हैं।