शहर के व्यस्ततम सर्कुलर रोड पर मल्टीस्टोरी पार्किंग बन जाने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ टूरिस्ट सीजन के दौरान बाहरी राज्यों से आने वाले सैलानी भी लाभान्वित होंगे।
इस पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने के बाद एचपीटीडीसी की लिफ्ट के जरिये स्थानीय लोग और सैलानी सीधे मालरोड पहुंच सकेंगे। टूरिस्ट सीजन में सैलानियों को सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी नहीं करनी होंगी, जिससे सर्कुलर रोड पर जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी।
मल्टीस्टोरी पार्किंग में एक साथ करीब 700 गाड़ियां पार्क हो सकेगी। नौ मंजिला कांप्लेक्स के 7 फ्लोर बतौर पार्किंग इस्तेमाल किए जाएंगे।
नई पार्किंग में मिलेंगी ये सुविधाएं
मल्टीस्टोरी पार्किंग के लिए तीन एंट्री प्वाइंट होंगे। लिफ्ट, ओल्ड एमसी पार्किंग और मल्टीस्टोरी पार्किंग के सामने से गाड़ियां पार्किंग में एंटर होंगी।
नौ मंजिला पार्किंग और कॉमर्शियल कांप्लेक्स में चार लिफ्टें लगाई जाएंगी। निचली मंजिलों में गाड़ी खड़ी करने के बाद लोग लिफ्ट से टॉप फ्लोर तक पहुंचेंगे।
कॉमर्शियल कांप्लेक्स में थियेटर, शापिंग मॉल, रेस्टोरेंट, होटल और कुछ ऑफिस खुलेंगे। यह शहर की सबसे बड़ी और रैंप बेस्ड तकनीक पर बनने वाली पहली पार्किंग होगी।
ढाई साल के भीतर मिलेंगी सुविधाएं
पार्किंग की किल्लत से जूझ रही हिल्सक्वीन को ढाई साल बाद मल्टीस्टोरी पार्किंग की सौगात मिलने वाली है। सर्कुलर रोड पर लिफ्ट के पास निर्माणाधीन मल्टीस्टोरी पार्किंग ढाई साल में बनकर तैयार हो जाएगी।
यही नहीं इस पार्किंग के साथ लोगों को पांच और तोहफे भी मिलेंगे। इस पार्किंग के टॉप फ्लोर पर कॉमर्शियल कांप्लेक्स तैयार किया जाएगा, जिसमें थियेटर, रेस्टोरेंट, होटल और शॉपिंग मॉल की सुविधा होगी।
मालरोड लिफ्ट के पास रैंप बेस्ड तकनीक पर बनने वाली यह पार्किंग शहर की सबसे बड़ी पार्किंग होगी।