भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद शांता कुमार ने कहा कि उनके सांसद बनने पर उनके पास 137 पंचायतों को निर्मल पुरस्कार मिलने की बात सामने आई थी। लेकिन, हैरानी की बात है कि इसमें एक भी पंचायत निर्मल पुरस्कार के काबिल नहीं थी। इसका फिर से सर्वे करवाया और अब मुश्किल से 12 पंचायतों का नाम उनके सामने आए हैं। साफ कहा कि अब कोई निर्मल पंचायत का गलत चयन करता है तो वह सीधे विकास खंड अधिकारी के खिलाफ एफआईआर करवाएंगे।
पत्रकार वार्ता में शांता ने कहा कि सरकार चंबा में बनने वाले मेडिकल कॉलेज में औपचारिकताएं पूरी करे। सरकार दूसरे अस्पतालों से उधार के चिकित्सक लेकर अस्पताल के निरीक्षण के लिए आने वाले मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया को न दिखाएं। अस्पताल के निरीक्षण पर कागजी कार्रवाई नहीं होने चाहिए।
इसके लिए केंद्र सरकार ने पूरा पैसा मुहैया करवा दिया है। जनता को केंद्र में बनी पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में विश्वास जगा है। बिहार और यूपी में क्या चल रहा है। सब देख रहे हैं। बिहार में शहाबुद्दीन की जमानत हैरान करने वाली नहीं है। बल्कि, सरकार ने जो उसकी जमानत में अपनी भूमिका निभाई हैरानी उस बात की है।
भारत विश्व में 12 देशों में अमीरी की कतार में आता है। लेकिन, सबसे गरीब लोग भी भारत में ही हैं। उन्होंने अपनी सांसद निधि से दो करोड़ रुपये खर्च दिए हैं। अब तीन करोड़ उन्होंने स्वच्छता अभियान के लिए रखा है। 31 मार्च 2017 तक कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र में हर स्कूल में शौचालय बन जाएंगे।