सांसद शांता कुमार ने कहा कि प्रदेश में आगामी विस चुनावों का माहौल भाजपा के पक्ष में है। लेकिन, इसको जीत में तबदील करने के लिए कार्यकर्ताओं से लेकर नेताओं तक को मेहनत करनी होगी।
संगठनात्मक जिला पालमपुर भाजपा की दो दिवसीय बैठक के समापन पर शांता कुमार ने कहा कि आए दिन हर विस क्षेत्र से टिकटार्थियों की फेहरिस्त लंबी होती जा रही है। कार्यकर्ता पार्टी के कार्य को भूल कर टिकट की चिंता में डूबे हुए हैं।
वे टिकट की चिंता छोड़ कर पार्टी की जीत की चिंता करें । पार्टी समय आने पर एक को ही टिकट देगी और चुनाव जीतना है तो टिकट की बात भूल कर बूथ स्तर तक पहुंचना होगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी की जीत के लिए कार्यकर्ताओं को संगठित होकर कार्य करना होगा। शांता ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है और सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है।
यह शर्म की बात है कि गुड़िया प्रकरण में न्याय दिलाने की बजाय पुलिस अधिकारी और कर्मचारी खुद जेल जा रहे हैं।
प्रदेश सरकार की गुड़िया प्रकरण में किरकिरी हुई है और पुलिस के लोगों को गिरफ्तार किया गया है जो हिमाचल के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ होगा।