मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने गुड़िया प्रकरण की जांच के दौरान हवालात में मारे गए सूरज की हत्या मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस लॉकअप में एक आरोपी की हत्या के मामले में जो दोषी होंगे, वे सजा भुगतेंगे। सरकार की किसी भी अधिकारी के साथ कोई हमदर्दी नहीं है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी भाजपा और माकपा आज जिस तरह से गुड़िया प्रकरण को लेकर राजनीति कर रहे हैं, उससे लगता है कि वे मुद्दों को लेकर खोखले हैं। कहा कि जब यह प्रकरण हुआ, उसके बाद उन्होंने पाया कि इस मामले की राज्य से बाहर की एजेंसी से छानबीन करवानी चाहिए।
इसके बाद उन्होंने खुद सीबीआई जांच के लिए पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा। यही नहीं, उन्होंने खुद गृहमंत्री राजनाथ सिंह से फोन पर बात की और इस मामले की जांच सीबीआई से करवाने को कहा।
उनकी इस कवायद के बाद ही सीबीआई ने मामले की जांच शुरू की। उन्होंने उम्मीद जताई कि सीबीआई मामले को जल्द सुलझाएगी। कहा कि पुलिस को हिरासत में आरोपियों से पूछताछ का पूरा हक है, लेकिन पुलिस वालों को पूछताछ में शालीनता बरतनी चाहिए थी।