सांसद शांता कुमार ने कहा कि शिमला का रास्ता कांगड़ा होकर जाता है और इस बार कांगड़ा जिले में भाजपा 1990 के चुनाव का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ेगी। चंबी मैदान में उन्होंने कहा कि 1990 के चुनाव में भाजपा और जनता दल ने 16 में से 15 सीटें जीती थीं जबकि कांग्रेस को एक सीट मिली थी।
15 में 12 भाजपा और तीन सहयोगी दल ने जीती थी। उस समय कांग्रेस के मुख्यमंत्री पर न ऐसे आरोप थे न ही भाजपा का इतना बड़ा संगठन। बावजूद इसके भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
पिछले पांच साल में हिमाचल का नाम इतना बदनाम हुआ है, अब लोग उस कलंक का मिटाने का मूड बना चुके हैं। गुडिया कांड से देशभर में हिमाचल शर्मसार हुआ है। उसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री रहते जो काम किए हैं उसका जिक्र भी किया।
40 पहले जब वह प्रदेश के मुख्यमंत्री बने तो सूबे में आईपीएच विभाग ही नहीं था। उन्होंने आईपीएच विभाग बनाया और लोगों के घरों तक पीने का पानी पहुंचा।
उन्होंने वीरभद्र सिंह पर भी निशाना साधा। कहा कि टांडा मेडिकल कालेज में सराय के निर्माण के लिए उन्होंने ढाई करोड़ रुपये का इंतजाम किया। उसके बाद शिलान्यास हुए भी दो साल से अधिक समय हो गया लेकिन अभी तक सरायें की एक ईंट तक नहीं लग पाई है।