मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के ओएसडी समेत अन्य स्थानों पर पड़े इनकम टैक्स के छापों को लेकर विश्व-विख्यात पर्यटन नगरी मनाली में दिनभर अफवाहों को बाजार गरम रहा। कमलनाथ के करीबियों के कई ठिकानों पर पड़े छापों को लेकर उनके मनाली के 14 मील स्थित पांच सितारा होटल पर भी आम और खास लोगों पर नजर गड़ी रही।
होटल में सैलानियों की आवाजाही को छोड़ दिया जाए तो अन्य घटनाओं को लेकर सन्नाटा पसरा रहा। एएसपी राजकुमार चंदेल ने बताया कि इनकम टैक्स की रेड को लेकर उनके पास कोई सूचना नहीं है। बता दें कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मनाली के 14 मील में करीब तीस साल पहले एक पांच सितारा होटल का निर्माण कराया है। मनाली आने वाली बॉलीवुड हस्तियों की यह पसंदीदा जगह है।
कमलनाथ ने यहां पर होटल के पास अपने लिए एक प्राइवेट आशियाना भी सजाया था लेकिन 1995 में ब्यास नदी में आई भयंकर बाढ़ में उनका यह आशियाना बह गया। उसके बाद उनका मनाली आना जाना बहुत कम हो गया। छिंदवाड़ा से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ रहा उनका बेटा नकुल भी मनाली आता रहता है।