सूबे के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) अस्पताल में पैथोलॉजी लैब से कैंसर मरीज का सैंपल गायब होने के बाद हड़कंप मच गया। कैंसर अस्पताल से ऑपरेशन के बाद मरीज का सैंपल बायोप्सी टेस्ट के लिए लैब लाया गया था। बताया जा रहा है कि सैंपल को चूहा उठा ले गया। घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ ने कर्मचारियों की मदद से ड्रेनेज सिस्टम तक खंगाल दिया, लेकिन सैंपल नहीं मिला।
जानकारी के मुताबिक कैंसर अस्पताल के एक मरीज की जीभ का सैंपल परीक्षण के लिए पैथोलॉजी लैब लाया गया था। अभी इसका परीक्षण भी नहीं हुआ था कि यह सैंपल गायब हो गया। चूहे की कारस्तानी अब डॉक्टर और स्टाफ पर भारी पड़ गई है। सैंपल गायब होने की सूचना जैसे ही विभागाध्यक्ष को मिली तो उन्होंने भी संबंधित डॉक्टर और स्टाफ को कड़ी फटकार लगाई।
जांच के लिए मरीज का सैंपल ऑपरेशन के दौरान ही निकाला जाता है और यह काफी दर्दनाक होता है। इसलिए अब मरीज से दोबारा सैंपल लेना संभव नहीं है। ऐसे में आईजीएमसी के पैथोलॉजी लैब के स्टाफ की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. सुदर्शन ने बताया कि इस मामले की जानकारी अथॉरिटी को दी गई है।
इस तरह लिया जाता है सैंपल
ऑपरेशन के बाद चिकित्सक कंटेनर में सैंपल को बायोप्सी जांच के लिए लैब भेजते हैं। यहां पर मांस के टुकड़े (टिश्यू) की सेक्शन कटिंग कर स्लाइड तैयार की जाती है और माइक्रोस्कोपी टेस्ट होता है। इसके बाद फाइनल रिपोर्ट बनती है और इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे का इलाज शुरू किया जाता है।