तस्करी के 70 फीसदी से अधिक मामलों में तस्कर पंजाब से चला रहे नशे का नेटवर्क, कई गिरोहों का भंडाफोड़
विज्ञापन
इस साल 117 मामले दर्ज, 246 आरोपी गिरफ्तार अमर उजाला ब्यूरो शिमला। जिले में सबसे अधिक चिट्टे की तस्करी पंजाब से हो रही है। पांच में से तीन मामलों में मुख्य तस्कर पंजाब के हैं। इस साल नशा तस्करी के मामलों में पुलिस ने ऐसे कई अंतरराज्यीय चिट्टा तस्कर गिरोहों का भंडाफोड़ किया है जोकि पंजाब से संचालित हो रहे थे।
पुलिस की टीमें दिनरात जिले की सीमाओं पर नाकाबंदी और वाहनों की तलाशी कर रही है जिससे नशे की सप्लाई को पहुंचने से रोका जा सके। इस साल चिट्टा तस्करी के पुलिस ने 117 मामले दर्ज किए हैं। इसमें 246 आरोपियों को पकड़ा है। इन मामलों में पुलिस ने पैडलरों के साथ ही उन सप्लायरों को भी सलाखों के पीछे पहुंचाया है जो कि दूसरे राज्यों में बैठकर नशा तस्करी का अवैध कारोबार कर रहे थे। इसी साल पुलिस ने रोहडू़ थाना क्षेत्र में पंजाब के जशनदीप और धर्मप्रीत को 83 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा था। रोहडू़ क्षेत्र में ही पुलिस ने 53 ग्राम चिट्टे के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मामले की बैकवर्ड लिंकेज की छानबीन की तो पहले उत्तर प्रदेश के सलमान हैदर का नाम सामने आया। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस को पता चला कि पंजाब के गुरदासपुर से थॉमस मसीह के जरिये वह नशा तस्करी का नेटवर्क चला रहा था। इस आधार पर पुलिस ने थॉमस मसीह को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
विज्ञापन
288 ग्राम की सबसे बड़ी खेप बरामद
24 मार्च को स्पेशल सेल की टीम ने 288 ग्राम चिट्टे के साथ हरियाणा के शमशाद अहमद को गिरफ्तार किया। यह जिले में इस साल की चिट्टे की सबसे बड़ी खेप थी। पुलिस ने थाना बालूगंज में गगन दीप नाम के शख्स को 36 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा। बैकवर्ड लिंकेज में पुलिस ने अंकित निवासी मोहाली, पंजाब को गिरफ्तार किया। पिछले दिनों पुलिस ने कोटखाई क्षेत्र में 6 ग्राम मैथ क्रिस्टल बरामद की थी। इस मामले में पुलिस ने पंजाब के गुरमीत और कोटखाई के रूबल चौहान को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि यह नशा दडूमाजरा के गोलू नाम के शख्स से खरीदा था। पुलिस ने गोलू को भी हाल ही में गिरफ्तार किया है। पंजाब के जीरकपुर से नशा तस्करी का अंतरराज्यीय गिरोह चला रहे विजय बिहारी उर्फ डेविड को भी पुलिस ने कुछ समय पहले ही गिरफ्तार किया है। इस कुख्यात नशा तस्कर की संलिप्तता जिला शिमला और सोलन में दर्ज कई मामलों में सामने आई है। जुब्बल थाने में दर्ज एनडीपीएस के मामले में संगठित चिट्टा तस्करी के नेटवर्क का पता चला है। पुलिस ने इस मामले में लुकास उर्फ लकी निवासी अमृतसर को पकड़ा है। लुकास की चिट्टा तस्करी के कई मामलों में संलिप्तता सामने आई है। पुलिस अब ऐसे बड़े सप्लायरों की धर पकड़ कर रही है जोकि प्रदेश से बाहर बैठकर जिले में नशा तस्करी का जाल फैलाकर युवाओं की जिंदगी को बर्बाद कर रहे हैं। इसको लेकर हर मामले की बैकवर्ड लिंकेज को खंगाला जा रहा है जिससे पैडलरों के साथ ही नशे के बड़े सप्लायरों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके और नशा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।