संचूई के चेलों के डल तोड़ने की प्रक्रिया के बाद शुक्रवार देर शाम तक तीस हजार शिव भक्तों ने डल झील में डुबकी लगाई। राधाष्टमी स्नान के बाद श्रद्घालुओं की घर वापसी का दौर जारी रहा। जिला चंबा में शुक्रवार को तेज धूप रही।
शुक्रवार सुबह पवित्र मणिमहेश यात्रा तीन घंटों तक बंद रही। भरमौर-हड़सर-प्रंघाला मार्ग पर प्रंघाला नाले में बढ़े जलस्तर के चलते यात्रा रुकी। नाले का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन द्वारा नाले में शिवभक्तों की आवाजाही के लिए की गई वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था भी प्रभावित हो गई।
नतीजतन, नाले में बढ़े जलस्तर के कारण नाले के दोनों किनारों पर शिवभक्तों की टोलियां थम गई। मौके पर पहुंचे विभागीय अधिकारियों और मजदूरों ने नाले में पानी की निकासी का बंदोबस्त कर दोपहर एक बजे शिवभक्तों की प्रंघाला नाले से आवाजाही शुरू करवाई।