हिमाचल में बारिश का दौर थमते ही अधिकतम तापमान में बेशक बढ़ोतरी दर्ज हुई है लेकिन सुबह और शाम के समय मौसम में ठंडक भी बढ़ गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों के न्यूनतम तापमान में लगातार कमी आना शुरू हो गई है। राजधानी शिमला में भी मौसम ठंडा हो गया है। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बुधवार या गुरुवार को प्रदेश से मानसून के विदा होने का पूर्वानुमान जताया है। प्रदेश में इस साल मानसून सीजन के दौरान सामान्य से 26 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड हुई है।
मंगलवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। पांच अक्तूबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना रहने की संभावना है। मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान में 35.7, बिलासपुर में 32.5, मंडी में 32.3, हमीरपुर में 32.2, कांगड़ा में 31.3, सुंदरनगर में 31.8, भुंतर में 31.2, चंबा में 30.8, सोलन में 30.5, नाहन में 29.0, धर्मशाला में 26.6, शिमला में 23.9, कल्पा में 23.5, केलांग में 19.0 और डलहौजी में 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, सोमवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान 4.8, मनाली में 6.6 कल्पा में 7.5 और शिमला में 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।